INDORE NEWS. दिल्ली के लाल किला मैदान के बाहर कार में हुए विस्फोट के बाद मध्य प्रदेश पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। राज्य के सभी प्रमुख शहरों भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इसके तहत देर रात इंदौर में सुरक्षा एजेंसियों ने कई इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी।
विजयनगर थाना पुलिस ने बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम के साथ सी-21 मॉल, मल्हार मॉल और आस-पास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की। थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि टीम ने अंडरग्राउंड पार्किंग, वाहनों और लावारिस वस्तुओं की गहन तलाशी ली। मॉल मैनेजमेंट को भी सुरक्षा गाइडलाइन का पालन सख्ती से करने के निर्देश दिए गए हैं।

ड्रोन से लगातार निगरानी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे पलासिया, विजय नगर और बापट चौराहे पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। ड्रोन के जरिए ऊंचाई से पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा बस अड्डों और रेलवे स्टेशन के आसपास भी चेकिंग अभियान जारी है।

मॉल में की गई सघन चेकिंग
थाना प्रभारी पटेल ने बताया कि यह चेकिंग एक नियमित प्रक्रिया बन जाएगी। आने वाले दिनों में सप्ताह में दो बार प्रमुख बाजारों, मॉल और सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, लोगों से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध हरकत की तुरंत जानकारी पुलिस को दें ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
भीड़भाड़ वाले इलाकों पर फोकस
आईजी (इंदौर रेंज) हरिनारायणचारी मिश्र ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट की घटना के बाद प्रदेश में एहतियाती कदम बढ़ाए गए हैं। पूरे पुलिस अमले को सतर्क रहकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। कोई भी संदिग्ध वस्तु मिलने या संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम और नजदीकी थाने में देने को कहा गया है।

सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं मॉनिटरिंग
पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एनआईए और एटीएस की टीमें दिल्ली घटना से जुड़ी किसी भी कड़ी को मध्य प्रदेश से जोड़ने की संभावना पर जांच कर रही हैं। फिलहाल प्रदेश में किसी आतंकी साजिश के प्रमाण नहीं मिले हैं।




































