INDORE NEWS. शहर में बीती रात अपराध की कई घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, झगड़े, आत्महत्या और हमले की वारदातों ने लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।

एक ही रात में छह वाहन चोरी
शहर के एमआईजी, विजयनगर, लसूड़िया, तुकोगंज और संयोगितागंज थाना क्षेत्रों में अज्ञात चोरों ने छह दोपहिया वाहन चोरी कर पुलिस और नागरिकों को चौंका दिया। इनमें होंडा एक्टिवा, बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
एमआईजी में स्प्लेंडर और पल्सर, विजयनगर में एक्टिवा, लसूड़िया में एचएफ डीलक्स, तुकोगंज में पल्सर और एक्टिवा, जबकि संयोगितागंज में सुपर स्प्लेंडर चोरी हुई। सभी मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर की चोर निकली रिश्तेदार
जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही रिश्तेदार पर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी करने का आरोप लगाया। पूछताछ में आरोपी गुनगुन सिहोते ने चोरी की बात कबूल ली। वहीं, लसूड़िया थाना क्षेत्र के एंजल पार्क में अज्ञात बदमाश ने ताला तोड़कर घर से अंगूठी, पेंडल व ऑफिस बैग चोरी कर लिया।

मोहल्ले में झगड़ा, पिता पर हमला
संयोगितागंज थाना क्षेत्र में मोहल्ले के विवाद में एक व्यक्ति घायल हो गया। फरियादी पप्पू बामने ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे का विष्णु नामक युवक से झगड़ा हुआ था। बीचबचाव करने पहुंचे पप्पू को आरोपी ने गालियां दीं और नुकीली चीज़ से हमला कर घायल कर दिया।
दहेज प्रताड़ना से नवविवाहिता की मौत
हीरानगर थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय माही परमार ने ससुराल में जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। माही की शादी छह महीने पहले लक्ष्य गेहलोद से हुई थी। शादी के बाद से ही पति द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ना और मारपीट की जा रही थी। पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज किए हैं।

दुकान विवाद में चाकू से हमला
सराफा थाना क्षेत्र में दुकान के बाहर विवाद के दौरान रहमत अली पर नदीम उर्फ सोनू और उसके भाई वशीम अंसारी ने हमला कर दिया। वशीम ने कैंची से रहमत के सीने में वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

सड़क हादसे में एक की मौत
सांवेर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय कैलाश धानक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।एक ही रात में इन घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब लगातार निगरानी बढ़ाने और विशेष गश्ती अभियान चलाने की तैयारी में है।




































