UJJAIN NEWS. मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बड़नगर तहसील के ग्राम ऊंटवास में एक फिल्मी मोड़ लेने वाले मामले ने पूरे इलाके को चौंका दिया है। यहां दूल्हे की मां अपने बेटे की होने वाली दुल्हन के पिता के साथ ही फरार हो गई। सगाई की तैयारियों के बीच इस घटना ने दोनों परिवारों में हड़कंप मचा दिया।

घर में चल रही थी शादी की तैयारी
जानकारी के अनुसार, ऊंटवास की रहने वाली एक महिला के बड़े बेटे की सगाई चिकली गांव के एक किसान की बेटी से तय हुई थी। दोनों परिवार रिश्तेदारी में जुड़ने को लेकर बेहद खुश थे। सगाई की तारीख तय हो चुकी थी और शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं।

सदमे में बदलीं खुशियां
मगर, इसी बीच ऐसा मोड़ आया, जिसने पूरे परिवार की खुशियों को सदमे में बदल दिया। थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि तैयारियों के दौरान दूल्हे की मां और दुल्हन के पिता के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच संबंध इतने गहरे हो गए कि सगाई से पहले ही उन्होंने घर छोड़ने का फैसला कर लिया।

महिला बिना किसी को बताए समधी के साथ अपने घर से निकल गई। परिजनों ने शुरू में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, क्योंकि किसी को इसकी जानकारी नहीं थी कि वह किसके साथ गई है। पुलिस ने जांच शुरू की और आठ दिन की तलाश के बाद महिला का पता लगाया।
महिला को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, दुल्हन के पिता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जा रही है। घटना के बाद दोनों परिवारों में तनाव का माहौल है। शादी की तैयारियां रुक गईं और सगाई भी टल गई।

अब रिश्ते नहीं करना चाहते परिवार
गांव में यह मामला चर्चाओं का केंद्र बन गया है। कई लोगों का कहना है कि दोनों परिवार अब इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। थाना पुलिस ने बताया कि यह मामला पूरी तरह पारिवारिक है, इसलिए किसी कानूनी विवाद की स्थिति अभी तक नहीं बनी है। फिलहाल महिला को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। दोनों पक्षों को आपसी सहमति से आगे की कार्रवाई करने की सलाह दी गई है।




































