INDORE NEWS. इंदौर बायपास पर शुक्रवार सुबह हुआ एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे एसपी पदमविलोचन शुक्ला अपने सरकारी वाहन से रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तभी फोनिक्स मॉल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि एसपी की कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बाल-बाल बचे एसपी
हालांकि, गनीमत रही कि एसपी शुक्ला सुरक्षित बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक की लापरवाही बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि एसपी रेलवे को कोई चोट नहीं आई है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। पुलिस ने ट्रक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पटेल की जयंती पर हुई थी रन फॉर यूनिटी
बताते चलें कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर देशभर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया था। इंदौर में भी यह कार्यक्रम चल रहा था। मंत्री तुलसी सिलावट ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक मधु वर्मा और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके बाद नेहरू स्टेडियम से रन फॉर यूनिटी की शुरुआत की गई।

मंत्री तुलसी सिलावट बोले- ये सिर्फ दौड़ नहीं
रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि देश की अखंडता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर देश की एकता के लिए लगातार काम कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस अब केवल नाम मात्र की पार्टी बनकर रह गई है। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि देश की अखंडता और एकता के लिए पार्टी कार्यकर्ता हर त्याग के लिए तैयार हैं।

पुलिस कमिश्नर ने कही ये बात
इस कार्यक्रम में शामिल पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कार्यक्रम को देश की आंतरिक सुरक्षा और एकता को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।





































