इंदौर। महिला क्रिकेट विश्व कप के दौरान इंदौर के होलकर स्टेडियम में मैच खेले जा रहे हैं। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने आईं ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमें रेडिसन ब्लू होटल में रुकी हुई हैं। इसी दौरान होटल से कैफे की ओर जा रही ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो महिला खिलाड़ियों के साथ युवक द्वारा छेड़छाड़ की घटना सामने आई है।

कैफे जा रही थीं महिला खिलाड़ी
जानकारी के अनुसार दोनों खिलाड़ी पैदल कैफे जा रही थीं, तभी एक बाइक सवार युवक ने उनके पास आकर न सिर्फ अभद्र हरकत की बल्कि उन्हें गलत तरीके से छू लिया। अचानक हुई इस घटना से दोनों खिलाड़ी डर गईं और तुरंत अपने सुरक्षा अधिकारी को सूचना दी। मामला सामने आने के बाद भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई दोनों देशों में खेल और सुरक्षा अधिकारी सतर्क हो गए।

सीसीटीवी से हुई पहचान
सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस की शिकायत पर एमआईजी पुलिस ने आरोपी अकील उर्फ नाइट्रा, निवासी आजाद नगर, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर की गई।

राहगीर ने नोट किया बाइक का नंबर
घटना के वक्त एक राहगीर ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट कर लिया था और एक कार सवार ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की छह टीमें सक्रिय हो गईं और कुछ घंटों में आरोपी को हिरासत में ले लिया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन पर सुरक्षा में लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि होटल और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। यह भी सामने आया है कि आरोपी पर पहले से कई आपराधिक केस दर्ज हैं।
इस घटना की जानकारी क्रिकेट बोर्ड और प्रशासन दोनों को दी गई है। इसके बाद होटल और स्टेडियम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि आगे कोई ऐसी चूक न हो।





































