BALRAMPUR NEWS. बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ में विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर से मारपीट का मामला सामने आया है। 7 से 8 युवकों ने जूनियर इंजीनियर से मारपीट किया है। इस मारपीट में जूनियर इंजीनियर को काफी चोट लगी है। बिजली की कटौती से परेशान होकर यह मारपीट की गई है। मामले में शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम ने जांच शुरू कर दिया है।
बता दें कि शंकरगढ़ क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बिजली की समस्या से लोग काफी परेशान हैं। ऐसे में आज बिजली कटौती से परेशान युवकों ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर से मारपीट कर दिया। बताया जा रहा है कि कार्यालय में घुसकर यह मारपीट की गई है और जूनियर इंजीनियर को काफी चोट भी लगी है। जूनियर इंजीनियर ने इसकी शिकायत शंकरगढ़ थाने में दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस की टीम ने आरोपियों की धर पकड़ शुरू कर दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदेश में लगातार बिजली कटौती से परेशान लोग प्रदर्शन कर रहे है। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली संकट को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में बीते दिनों कबीरधाम में बिजली संकट पर कांग्रेस का गुस्सा फूटा था। पंडरिया प्रवेश मार्ग में चार अलग अलग जगहों में चक्का जाम किया गया। कांग्रेस ने 15 दिन की चेतावनी भी दी।
पंडरिया बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 मुख्य मार्ग समेत चार अलग अलग जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर राज्य सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली बिल में बेतहाशा बढ़ोतरी, एकल बत्ती योजना की समाप्ति, अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। कांग्रेस का प्रदर्शन सुबह से शुरू हुआ और कई घंटों तक चलता रहा।
चक्का जाम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मार्ग पर यातायात बहाल करने का प्रयास किया। बावजूद इसके, प्रदर्शन के चलते आम लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।





































