KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और सटीक सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान डिपरापारा निवासी 43 वर्षीय धमेन्द्र कुमार साहू के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 अगस्त 2025 को सुबह 11 बजे के करीब आरोपी ने नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया और घटना का जिक्र किसी से करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की, जिस पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की गई, जो घटना के बाद से फरार था।
तकनीकी साक्ष्यों और सतर्क पुलिसिंग के दम पर आरोपी को महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर लगे आरोपों की पुष्टि होने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




































