JAGDAPUR. छत्तीसगढ़ में अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए नक्सली लगातार हिंसक वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इस बीच, नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से बड़ी घटना सामने आई है। जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने 2 दिन पहले 3 ग्रामीणों को अगवा कर लिया। बता दें कि 17 नवंबर 2020 को नक्सलियों ने सुकमा के जंगलों में जनअदालत लगाकर 2 युवकों की हत्या की थी।
इसके बाद जंगल में जन अदालत लगाकर इनमें से एक ग्रामीण माड़वी राजाराव (20 वर्ष) की पीट-पीट कर हत्या भी कर दी है। नक्सलियों ने शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, मारपीट में घायल दो ग्रामीणों को नक्सलियों बुधवार रात रिहा कर दिया है। जानकारी के मुताबिक ये सभी ग्रामीण नक्सल प्रभावित गांव साकलेर के रहने वाले हैं।
बताया गया कि 2 दिन पहले नक्सलियों ने ग्रामीणों को गांव से ही अगवा कर लिया था। इसके बाद जंगल में नक्सलियों ने जन अदालत लगाई थी और इन लोगों पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाया। फिर सभी को मारा-पीटा गया। फिलहाल इस मामले को लेकर अब तक पुलिस की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। इससे पहले भी कई ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों को मार चुके हैं
बता दें कि नक्सलियों ने बी21 अक्टूबर 2020 को जापुर में एक आरक्षक को अगवा कर जनअदालत लगा उसकी हत्या की थी। साल 2020 में ही नक्सलियों ने नारायणपुर के अबूझमाड़ में 2 युवकों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगा कर गला रेत कर हत्या की थी। साल 2020 में कांकेर जिले में नक्सलियों ने जनअदालत लगा कर एक पूर्व सरपंच की हत्या की थी। साल 2020 में कांकेर जिले में एक दिव्यांग युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका था। इस पर भी पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया था।