BHILAI. छत्तीसगढ़ में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है। सभी राजनीतिक पाटियों द्वारा अपने अपने उम्मीदवारों को चुनावी मैदान उतारा जा रहा है। इसी के साथ ही प्रत्याशियों के नामांकन का दौर भी जोरो पर है।
आज दुर्ग जिले के 06 विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। इसी कड़ी में आज भाजपा द्वारा नामांकन रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया। इसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा एवं भिलाई जिला अध्यक्ष बृजेश बृिजपुरिया शामिल रहे।
शक्ति प्रदर्शन रैली
इसके साथ ही नामांकन रैली पश्चात 62- पाटन वि.स. प्रत्याशी विजय बघेल, 66 भिलाई नगर विधानसभा प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पांडेय, दुर्ग ग्रामीण वि.स. प्रत्याशी ललित चंद्राकर, 64- दुर्ग शहर वि.स. प्रत्याशी गजेन्द्र यादव एवं 67- अहिवारा वि.स. प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा और 66 वैशाली नगर विधानसभा प्रत्याशी रिकेश सेन द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। इस दौरान जिले की छह विधानसभाओं के समस्त कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी भी उपस्थिति रहे।

भाजपा की जनसभा
नामांकन के पश्चात दुर्ग गंजपारा में भाजपा प्रत्याशियों ने अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए और जनता तक अपनी बात पहुंचने के लिए जनसभा आयोजित की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद मौजूद रहे। उम्मीदवारों द्वारा नामांकन से पहले इस रैली के जरिए जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया गया। पार्टी ने इस रैली के जरिए दावा किया है कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में बदलाव जरूर होगा।

इस दौरान मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर निशाना साधा और भ्रष्टाचारी का आरोप लगाया। बीजेपी ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव पर तंज कसते हुए कहा कि यदि वे चुनाव जीत भी जाए तो क्या मतलब क्योंकि उन्हे तो कुछ समय बाद गिरफ्तार होना ही है। इसी के साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने जीत का दावा करते हुए आने वाले साल में हर संभव प्रयास कर जनता की हर मांग को पूरा करने की बात कही।




































