RAIPUR. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सीएम भूपेश बघेल की पहल पर प्रदेश में पिछले वर्ष छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरुआत की गई थी. इसमें प्रदेशभर के लोगों ने हिस्सा लिया था. इस वर्ष छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की लोक्र्पियता को देखते हुए 2 नए खेलों को इसमें शामिल करने का फैसला किया गया है.
बता दें, इस वर्ष छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2023-24 की शुरुआत हरेली त्योहार के दिन यानी 17 जुलाई को होगी. ये ओलंपिक 02 महीने 10 दिनों तक चलेगा, यानी 27 सितंबर को इसका समापन होगा. इस बार 16 खेलों को इसमें शामिल किया गया है, जिसमें से 2 नए खेल रस्सी कूद और कुश्ती को इसमें शामिल किया गया हैं. साथ ही इन दोनों खेलों की नियमावली खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बनाई गई है.
ये होंगे नियम
- रस्सी कूद – इस खेल मे खिलाड़ी के दोनों पैर जुड़े रहेंगें।
- दोनों पैर का जम्प एक साथ होगा।
- खिलाड़ी को निर्धारित बॉक्स में ही जम्प करना होगा।
- रस्सी के दोनों छोर को हाथों की सहायता से कमर की उंचाई पर पकड़ना होगा।
- कलाई व कोहनी की सहायता से रस्सी कूदना होगा। कंधे का उपयोग अनुचित होगा।
- खिलाड़ी अपने स्थान पर जम्प करते हुए रस्सी को शरीर के सामने की ओर से पीछे से घुमाते हुए सिर के ऊपर से पैर तक आने पर एक जम्प गिना जाएगा।
- खिलाड़ी के शरीर का कोई भी हिस्सा या रस्सी का भाग यदि मार्किंग टेप को छूता है तो, खिलाड़ी खेल से बाहर माना जाएगा।
- प्रथम व द्वितीय स्थान पर टाई की स्थिति में संयुक्त विजेता घोषित किए जाएंगे तथा तृतीय स्थान पर टाई की स्थिति में अतिरिक्त एक मिनट का समय जम्प करने के लिए दिया जाएगा।
- उस समय में ज्यादा जम्प करने वाला खिलाड़ी तृतीय स्थान पर विजेता घोषित किया जाएगा।
- इस खेल की समय-सीमा 15 मिनट तक रखी गई है। मैदान का आकार 6 बाई 6 फीट होगा। निर्णायकों की संख्या 03 होगी।
- कुश्ती – इस खेल में महिला एवं पुरूष वर्ग में अलग-अलग 5 वेट केटेगरी निर्धारित की गई है।
- जिसमें महिला वर्ग में 40 किलोग्राम तक, 41 से 50 किलोग्राम तक, 51 से 60 किलोग्राम तक, 61 से 70 किलोग्राम तक एवं 70 किलोग्राम से ऊपर तक की वेट केटेगरी रखी गई है।
- इसी तरह पुरूष वर्ग में 50 किलोग्राम तक, 51 से 60 किलोग्राम तक, 61 से 70 किलोग्राम तक, 71 से 80 किलोग्राम तक एवं 80 किलोग्राम से ऊपर तक की वेट केटेगरी निर्धारित की गई है।
- कुश्ती प्रतियोगिता के लिए बनाए गए नियानुसार मैच 03 मिनट के दो अंतराल में होगा एवं अंतराल में 30 सेकंड का विराम मिलेगा।
- इसमें विभिन्न प्रकार के नियम, फाउल भारतीय कुश्ती संघ के अनुरूप होंगे।
- इसमें निर्णायकों की संख्या 06 होगी।
- निर्णायकों द्वारा नियमानुसार घोषित खिलाड़ी विजेता माना जाएगा l