BILASPUR. द केरला स्टोरी को लेकर चल रहे सियासत के बीच बिलासपुर में आज भाजपा नेताओं ने मूवी देखा। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, विधायक रजनीश सिंह, डॉ कृष्णमूर्ति बांधी सहित अन्य भाजपा नेता अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मूवी देखने पहुंचे। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने इस दौरान मूवी को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, ये फिल्म नहीं बल्कि सत्य पर आधारित घटना है।
उन्होंने कहा कि किस तरह आतंकवाद की गतिविधियां चलती है, किस तरह कनवर्जन गैंग काम करता है, जनता का ह्रासमेंट किया जाता है। ये सच्चाई सबके सामने आना चाहिए। आगे उन्होंने कहा कि, मूवी सभी देख सकें इसलिए प्रदेश सरकार को इसे टैक्स फ्री करना चाहिए। आगे कौशिक ने बताया कि, पूरे छत्तीसगढ़ में आज मतांतरण और धर्मांतरण की घटनाएं हो रही हैं। इसके कारण बिरनपुर, सुकमा, नारायणपुर जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे सावधानी बरतने की आवश्यकता है। सरकार को इससे सजग होना चाहिए कि किसी प्रकार की ऐसी वारदात ना हो जो बड़ी घटना को जन्म दें, इससे सबक लेना चाहिए।
वहीं प्रदेश में राम राज्य को लेकर हो रहे सियासत के बीच पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का बयान सामने आया है। कौशिक ने कहा कि, राम राज्य में कोई दुखी नहीं था। प्रदेश में आज कोई सुखी नहीं है। केवल जो सरकार में बैठे हैं वही इसका आंकलन कर रहे हैं। असल में यहां कर्मचारी, संविदाकर्मी धरने पर बैठे हैं, अधिकारियों को सरकार डीए नहीं दे पा रही है। खुलेआम डकैती, चाकूबाजी की घटना हो रही है। इसके बाद भी मुख्यमंत्री को लगता है कि बहुत अच्छा चल रहा है तो फिर कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है।
बता दें कि फिल्म के रिलीज होने के दिन ही राज्यसभा साँसद सरोज पांडेय ने फिल्म द केरला स्टोरी देखने अपने समर्थकों के साथ भिलाई के वेंकटेश्वर सिनेमा घर पहुँची थी। इस दौरान राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि लव जिहाद, धर्मांतरण, जैसे विषयों के साथ वामपंथी विचारधाराओं के साथ देश में चलाए जा रहे चक्र को रोकना जरूरी है। इसके साथ इस फ़िल्म को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री भी किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कश्मीर फाइल्स के बाद ये भी भारत की ही स्टोरी है। बच्चियों की भावनाओं को भड़का कर लव जिहाद और धर्मांतरण बहुतायत से हो रहा है और इस पर कांग्रेस को राजनीति नहीं करनी चाहिए।