KABIRDHAM. काबीधाम जिले से दिल दहलादेने वाली खबर सामने आई है। यहां शराब की लत की वजह से एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना दी थी। जिसकी शिनाख्त ग्राम मझोली निवासी बुधराम करचाम के रूप में की गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, बेटे और बहू को गिरफ्तार किया है।
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम जब मृतक के घर पहुंची तो उन्हें खाट पर खून के धब्बे नजर आए। इतना ही नहीं घर को गोबर व चूने से ताजा-ताजा पेंट भी किया गया था। इस बात पर पुलिस को परिवार वालों पर संदेह हुआ। जब घर वालों से सख्ती से पूछताछ की गई तो मृतक बुधराम की पत्नी ने बताया कि सोमवार की रात मृतक नशे की हालत में घरवालों से विवाद कर रहा था। विवाद खत्म न होने पर बेटे ने मृतक को डंडे और हंसिया से मार कर घायल कर दिया इसी बीच उसने मौका देखकर गमछा से गला दबाकर बुधराम की हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी का नाम मथुरा बाई, बेटा का नाम विजय व बहु का नाम सोनिया बाई है। मृतक के परिवार वाले उसकी शराब पीने की आदत से परशान थे। सोमवार रात मृतक का शराब के नशे में घर में विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर उसके घरवालों ने ही मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपियों ने हत्या करने के बाद शव को गांव के बाहर सड़क पर फेंक दिया था। मंगलवार को ग्रामीणों ने शव को देखने के बाद कुकदूर थाना पुलिस को सूचना दी थी।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे अपराधों में कही न कही शराब एक बड़ी वजह है। अधिकतर अपराधों में शराब और शराबी की मौजूदगी होती है। बावजूद इसके शासन और प्रशासन खामोश है।






































