BHILAI. भिलाई से एक ठगी का अनोखा मामला सामने आ रहा है, यहां कोयला व्यापारी का पैसा उसके ही कर्मचारी ने ठग लिया। सेठ ने अपना पैसा जब वापस माँगा तब कर्मचारी ने धमकी देते हुए कहा कि ‘जो करना है कर लो…’ कोयला व्यापारी ने 14 लाख रूपए देकर अपने कर्मचारी को उड़ीसा कोयले की नीलामी में बोली लगाने भेजा था। जिसे लेकर कर्मचारी भाग गया है। मामले की शिकायत व्यापारी द्वारा नेवई थाने में की गई है।

मामला दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र का है। यहां विकास चंद्र सिन्हा जो कि कोयला व्यापारी है। विकास द्वारा फील्ड ऑफिस पर्चेस के पद में शरद जायसवाल को 01 मार्च 2022 से 25000 रूपए प्रतिमाह की तनख्वाह में नियुक्त किया गया था। जिसको 06 सितंबर 2022 को कुल्डा माइंस, जिला सुंदरगढ़ उड़ीसा में कोयले की बोली लगाने हेतु नगदी रकम 12,80,000 रूपए देकर भेज था।

आरोपी शरद जायसवाल द्वारा विकास को 08 सितंबर 2022 को फ़ोन करके बताया गया कि उड़ीसा जाते वक़्त पुलिस चेकिंग के दौरान सारे रकम को पुलिस ने जब्त कर लिया है। जब विकास ने थाने का नाम पूछा तो शरद ने गोल-मोल जवाब देकर बचना चाहा और थाने का नाम नहीं बताया। जब विकास द्वारा कहा गए कि वह स्वयं वकील के साथ थाने आ रहा है। तो शरद ने विकास को पैसा लेने से इंकार करते हुए धमकी देकर कहा कि ‘जो बनता है कर लो….’

विकास द्वारा कई बार शरद को समझाया गया कि जब कोई गलत काम नहीं किया है तो उसे थाने से भागना नहीं चाहिए था। अब भी कुछ नहीं बिगड़ा है थाने जाकर क़ानूनी तरीके से पैसे वापस ले लेंगे। लेकिन शरद ने विकास की कोई भी बात नहीं मानी और कहा कि जो बनता है कर लो मैं अपने घर झारखण्ड जा रहा हूँ।

नेवई थाना प्रभारी ममता अली शर्मा ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी झारखण्ड में होना बताया जा रहा है जल्द ही उसकी गिरफ़्तारी कर ली जाएगी।






































