DELHI. गुरु और शिष्य का रिश्ता भारतीय संस्कृति में बहुत पवित्र माना जाता है। लेकिन समय-समय पर कुछ ऐसी ख़बरें सामने आ जाती हैं। जिसमें यह रिश्ता तार-तार हो जाता है। ऐसा ही एक झकझोर देने वाला मामला देश की राजधानी दिल्ली से सामने आया है। यहां एक मदरसे में शिक्षक ने 12 वर्षीय लड़के का यौन-शोषण किया है। फिलहाल आरोपी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र का है।

बेहोश कर वारदात को दिया अंजाम
पीड़ित लड़के के माता-पिता की ओर से एक शिकायत दर्ज कराई गई है। उसके अनुसार वह पिछले साल अगस्त से मदरसे में पढ़ रहा था। आरोपी शिक्षक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर कई बार बेहोश किया और उसका यौन शोषण किया है।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना इलाके में चल रहे मदरसे में 12 साल के बच्चे से दुष्कर्म मामले में 24 वर्षीय आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी शिक्षक का नाम मोहम्मद इसरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस लगातार आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी लगातार 2 महीने से मदरसे के अंदर नाबालिग लड़के से दुष्कर्म कर रहा था। जब इसकी जानकारी पीड़ित बच्चे के परिवार को लगी तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस ने मदरसे के शिक्षक के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के साथ अप्राकृतिक अपराधों और आपराधिक धमकी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।






































