JAGDALPUR. छत्तीसगढ़ जगदलपुर के मालगांव में हुए एक बड़े हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई है। यह घटना छुईखदान धंसकने से हुई है। खदान धंसने से 7 मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं कई मजदूरों के खदान के नीचे दबे होने की आशंका है, राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंच गई है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। खदान से मिट्टी हटाने का काम किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि अभी भी करीब कई लोग छुईखदान में फंसे हुए हैं। जेसीबी से मिट्टी हटाई जा रही है। मृतकों में एक पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं। यह खदान मालगांव में है जहां हादसा हुआ है।
इस मामले में CM भूपेश बघेल ने ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने मृतक मजदूरों को श्रद्धांजलि दी है। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। सीएम ने कहा है कि अन्य फंसे लोग सुरक्षित निकलें, ऐसी प्रार्थना है।
दरअसल, यह खदान मालगांव के जंगल में स्थित है, यह कोई सरकारी और निजी खदान नहीं है, यहां ग्रामीण खुद से छुई यानी की चूना निकालने का काम कर रहे थे।
एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर है। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। सीएसपी विकास कुमार ने की सात लोगों के मौत की पुष्टि की है। सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि यहां ग्रामीण छुई यानि की चूना की मिट्टी निकालने के लिए आए हुए थे, तभी मिट्टी धंस गई। इसकी वजह से सात से ज्यादा ग्रामीण खदान में धंस गए। पहले सात ग्रामीणों का रेस्क्यू किया गया। इसमें पांच ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो ग्रामीणों को अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मरने वालों में छह महिलाएं और एक पुरुष हैं, बाकी लोगों के दबे होने की आशंका पर यहां खुदाई जारी है। ग्रामीण इस हादसे के बारे में लोगों की क्लीयर संख्या नहीं बता पा रहे हैं कि कितने लोग वहां छुई निकालने का काम कर रहे थे।






































