RAJNANDGAON. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से बड़ी खबर आ रही है। यहां अवैध फैक्ट्री पर दबिश दी गई है। इस फैक्ट्री में अवैध काम होता था, जहां से करीब पौन करोड़ का सामान भी बरामद कर लिया गया है। राजनांदगांव में अवैध गुटखा फैक्ट्री में छापा मारा गया। बंद फैक्ट्री में जर्दा-गुटखा का भंडार मिला। यहां छापेमारी कार्रवाई में 82 लाख का सामान भी जब्त किया गया है। यहां रात में गोपनीय तरीके से काम किया जाता था।
राजनांदगांव जिले की पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरातराई कोपेडीह मार्ग में पुलिया के पास एक बंद फैक्ट्री में छापामारी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में पुलिस को जर्दा युक्त गुटखा का बड़ा जखीरा प्राप्त हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां से करीब 82 लाख 14 हजार आठ सौ 19 रुपए की सामग्री पुलिस ने बरामद की है। बंद फैक्ट्री के भीतर रात में जर्दा युक्त गुटखा बनाने का काम होता था। इसकी जानकारी मिलते ही सीएसपी अमित पटेल के साथ कोतवाली, लालबाग, सोमनी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दबिश देकर छापेमारी कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने राजस्थान स्थित नागौर के डेगाना थाना के ग्राम मांजी निवासी फैक्ट्री के सुपरवाइजर भंवर लाल चौधरी को नोटिस जारी कर फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। गौरतलब है कि यह अभियान नशा उन्मूलन और अवैध गतिविधियों के रोकथाम के लिए चलाया जा रहा है।
सूत्र बता रहे है कि बंद फैक्ट्री में दिन के उजाले में कोई काम नहीं होता रहा, बल्कि रात की अंधेरे में काम होता था। रात में फैक्ट्री बाहर से बंद रहती थी लेकिन अंदर सामानों की लोडिंग और अपलोडिंग का कार्य होते रहा। इतना ही नहीं रात होते ही यहां जर्दा युक्त गुटखा बनाने का काम शुरू हो जाता था। अवैध तरीके से यहां मार्केट में बिकने वाले कई कंपनी का गुटखा बन रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार बंद फैक्ट्री में अंदर गतिविधियां होने से आसपास लोगों को संदेह होता था, जिसके बाद यहां जांच की गई।

अवैध दस्तावेज से चल रही थी फैक्ट्री
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते की तीन थानों के प्रभारी और साइबर टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। घेराबंदी कर फैक्ट्री के भीतर छापेमारी कार्रवाई की गई। यहां इस दौरान सुपरवाइजर भंवर लाल चौधरी से जर्दा युक्त गुटखा बनाने व सामग्रियां डंप करने के दस्तावेज मांगे, लेकिन सुपरवाइजर किसी तरह का दस्तावेज नहीं दिखा पाया। फैक्ट्री के संचालन संबंधी कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने यहां से गुटखा केमिकल, कटिंग सुपारी, बीड़ी पत्ती तंबाकू, गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला मसाला पाउडर, केसर युक्त गुटखा, ठंडाई केसर युक्त गुटखा, परफ्यूम, तरल पदार्थ, जर्दा, कत्था, चूना, पैकेजिंग के लिए प्लास्टिक व अन्य सामग्री बरामद की गई है।





































