MUNGELI. नगर के बुधवारी सब्जी बाजार में रविवार को खौफनाक मंजर देखने को मिला। जिसने भी यह देखा, उसकी रूह कांप गई। यहां सब्जी बेचने वाले एक युवक के ऊपर पेट्रोल डालकर एक महिला ने आग लगा दी। आग की लपटों में घिरा सब्जी विक्रेता भाग रहा था और उसके पीछे-पीछे महिला हंसिया लेकर दौड़ रही थी।

गनीमत ये रही कि सब्जी खरीदने गए एक पुलिसवाले ने महिला को रोक लिया। पूरा मामला छेड़खानी करने की घटना से जुड़ा है। सब्जी विक्रेता से परेशान होकर बदला लेने के लिए महिला ने ये कदम उठाया। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना रविवार दोपहर की है।
मुंगेली के रामनगर में रहने वाला जितेंद्र साहू सब्जी बेचने का काम करता है। वहीं गांव में ही रहने वाली महिला सब्जी की खेती करती है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि जितेंद्र उसके साथ छेड़खानी करता था। साथ ही फोन पर भी आए दिन परेशान करता था। महिला का ये भी कहना है कि उसके लगाए अनर्गल आरोप के चलते महिला को उसके घरवालों ने निकाल दिया है, जिससे वह अकेली रहती है। आए दिन की छेड़खानी से परेशान होकर उसने ऐसा कदम उठाया।
रविवार की दोपहर जब वह बाजार पहुंची तो जितेंद्र अपनी जगह पर बैठा हुआ था, आते ही उसने सीधे उसके ऊपर पेट्रोल उड़ेल दिया। जितेंद्र कुछ समझ पाता इससे पहले ही उसने उसके ऊपर आग लगा दी। युवक इधर-उधर भागने लगा। वहीं महिला भी हंसिया लेकर उसे दौड़ाने लगी। इससे जितेंद्र बुरी तरह झुलस गया।

गनीमत ये रही कि हंसिया का उस पर हमला नहीं हो पाया, क्योंकि उसी समय बाजार में एक आरक्षक अपने बच्चे के साथ सब्जी खरीदने आया था। उन्होंने महिला को दौड़कर पकड़ लिया। फिर आनन-फानन में युवक को मुंगेली के जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर के सिम्स रेफर कर दिया गया। वहीं महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इस मामले की जांच की जा रही है।




































