RAIPUR. प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिमांड पर जाने से पहले रसूखदार कोराबारी सूर्यकांत तिवारी ने बड़े नामों का खुलासा किया है। दरअसल सूर्यकांत तिवारी द्वारा दिए गए आवेदन की कॉपी जमकर वायरल हो रही है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर देश के दिग्गज उद्योगपति के नाम का भी उल्लेख किया है, जिसके बाद से हड़कंप मच गया है। वहीं इस मामले में Tirandaj.com ने ED के वकील और सूर्यकांत तिवारी के अधिवक्ता से भी बातचीत की।
छत्तीसगढ़ के रसूखदार कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी ने शनिवार को रायपुर कोर्ट में सरेंडर किया। सूर्यकांत के सरेंडर के बाद राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई क्योंकि ED तिवारी के तलाश में थी। सरेंडर के बाद कोर्ट ने सूर्यकांत को 12 दिन के लिए ED की रिमांड पर भेजा है।
वहीं सूर्यकांत द्वारा जमा किए आवेदन की कापी जमकर वायरल हो रही है। सूत्र बता रहे है कि इसमें सूर्यकांत ने अपना पक्ष रखा है। इसमें सूर्यकांत ने अपने कामकाज और आमदनी का जिक्र किया है। उसने लिखा है कि वह अडानी समूह के लिए परिवहन का कार्य करता है। इसमें उल्लेख है कि करीब 20 वर्ष से वह व्यवसाय कर रहा है। पूर्व सरकार से भी उसके संबंध अच्छे रहे है। वह अडानी समूह के लिए ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है। यहीं से आय अर्जित कर रहा है। आवदेन में उल्लेख है कि ED की रेड में आवेदक द्वारा पूरा सहयोग प्रदान किया गया था। साथ ही आवेदन में उल्लेख है कि वह वैधानिक ढंग से अर्जित आय का विवरण देने में पूरी तरह से सक्षम है। आवेदक ने उल्लेख किया कि सारी कार्यवाही राजनैतिक पूर्वाग्रह से ग्रसित है। लेकिन उसे न्यायालय पर पूरा विश्वास है।
सूत्र बता रहे है कि सूर्यकांत तिवारी ने प्रस्तुत आवेदन में उल्लेख किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह राजनैतिक लाभ के लिए इस मामले में लगातार सोशल मीडिया में बयान दे रहे है। सूर्यकांत ने आरोप लगाते हुए जिक्र किया है कि इन षड्यंत्रों के कारण ही मामला ED में पंजीबद्ध करवाया गया है।
क्राइम दिखेगा तो उसे प्रोसिड करेंगे
इस मामले में ED के अधिवक्ता बृजेश मिश्रा ने कहा कि मामले में तफ्तीश की जा रही है। कल ही सूर्यकांत तिवारी की कस्टडी मिली है। जांच के बाद जैसा मटेरियल निकल कर उस दिशा में आगे बढ़ेंगे। अगर क्राइम की ओर कुछ दिखेगा तो मामले को उस तरह से प्रोसिड करेंगे। जांच को उस ओर आगे बढ़ाएंगे।
कहते रहे सूर्यकांत मेन है, सूर्यकांत हाजिर हो गए
वहीं इस मामले में सूर्यकांत तिवारी के अधिवक्ता फैजल रिजवी ने कहा कि सूर्यकांत को ED से समंस भी जारी नहीं हुआ था। कुछ के पकड़ाने के बाद सूर्यकांत की बात कही जा रही थी इसलिए सूर्यकांत हाजिर हो गए। उन्होंने कहा कि सूर्यकांत IT की जांच में भी पूरा सहयोग कर रहे है। अब ED से हमारे पास कुछ आएगा तो ही आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।






































