RAIPUR. दिवाली, नए साल, बर्थडे पार्टी जैसे खास मौकों पर आंखों के नीचे के काले घेरे सारे लुक को खराब कर देते हैं। कुछ एक मामलों में इनका कारण आनुवांशिक होता है, जबकि कई बार हमारी लाइफस्टाइल की वजह से होता है। जो लोग रात में देर तक जागते हैं और दिन में देर से सोकर उठते हैं अक्सर उनकी आंखों के नीचे काले घेरे हो जाते हैं।

इसकी वजह से आप हमेशा थके हुए लगते हैं। हालांकि, बाजार में इसके लिए कई उत्पाद मौजूद हैं, जो दावा करते हैं कि डार्क सर्कल्स की समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन ऐसा होता नहीं है। अगर डार्क सर्कल्स की समस्या आनुवंशिकता है, तो इसका इलाज करना थोड़ा मुश्किल है।

यदि यह आपके आहार, थकान या किसी तरह की बीमारी या किसी अन्य कारण से हो रहा है, तो इसके लिए जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ आप हैं। ऐसे में हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं, जो आपके लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकते हैं। इसके अलावा जरूरी है कि आप अपनी डाइट और लाइफस्टाइल का ध्यान रखें, जिससे त्वचा की चमक बनी रहे।

हाइड्रेट रहें
यदि आपका शरीर हाइड्रेटेड नहीं है, तो यह काले घेरे होने का पहला कारण है। स्वस्थ और चमकती त्वचा के लिए आपको पूरी तरह से हाइड्रेटेड रहने की जरूरी है। आंखों के नीचे की त्वचा हमारे शरीर के बाकी हिस्सों की तुलना में काफी ज्यादा संवेदनशील होती है। ऐसे में अगर आपको किसी तरह की एलर्जी या जलन है तो यह बताता है कि आपकी त्वचा पूरी तरह से हाइड्रेट नहीं है।

एलर्जी वाली चीजों से करें परहेज
बहुत से लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती है। मगर, एलर्जी की वजह से डार्क सर्कल और भी बढ़ जाते हैं। एलर्जी के कारण आंखों से पानी आने से लेकर आंखों को रगड़ने तक कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। इससे आंखों के नीचे की त्वचा काली और क्षतिग्रस्त हो जाती है। ऐसी किसी भी चीज का इस्तेमाल करने से बचें, जिससे आपकी आंखों में पानी ज्यादा आए।

डॉक्टर से पूछकर करें फिलर्स का इस्तेमाल
अगर आपके चेहरे पर हमेशा डार्क सर्कल रहते हैं, तो फिलर्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए डॉक्टर से संपर्क करें। इनका उपयोग तब किया जाता है जब आपकी आंखें अंदर की ओर धंसी होती हैं। यह डार्क सर्कल्स को दूर करने का आसान तरीका है। हालांकि, यह थोड़ा महंगा है और इसके लिए आपको पेशेवर मदद की जरूरत होगी।





































