RAIPUR. विदेशों में रहने वाले छत्तीसगढ़ के लोगों को एक सूत्र में पिरोने एनआरआई सेल का गठन किया गया है। इस सेल की पहली बैठक आज हुई। सेल और प्रदेश सरकार के बीच कई महत्वपूर्ण विषय पर विचार-विमर्श हुई और कुछ निर्णय भी लिए गए।

प्रदेश की संस्कृति और विदेश में रहने वाले छत्तीसगढ़ के लोगों को एक सूत्र में पिरोने कार्यवाही शुरू की जा रही है। विदेश में निवासरत छत्तीसगढ़ के अप्रवासी भारतीयों को जोड़ने और छत्तीसगढ़ की कला एवं साहित्य को संजोए रखने के साथ प्रचार-प्रसार करने के लिए इस सेल का गठन किया गया है। आज नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में गृह विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगवा की अध्यक्षता में एनआरआई सेल की पहली बैठक हुई। बैठक में विदेशों में रह रहे अप्रवासी भारतीयों के साथ जीवंत संबंध बनाए रखने तथा राज्य की प्रगति के लिए आवश्यक सुझाव लेने एवं सूचना प्राप्त करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।

नियुक्त होंगे समन्वयक
बैठक में छत्तीसगढ़ के अप्रवासी भारतीयों का डेटा तैयार करने पर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ की संस्कृति में रूचि रखने वाले अप्रवासी भारतीयों को एनआरआई सेल में समन्वयक नियुक्त करने के संबंध में चर्चा हुई। विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने, बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस दौरान प्रदेश की साहित्यिक, सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ ही कला, शैक्षणिक, विकास, आर्थिकी और सामाजिक क्षेत्र में भाग लेने प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई। वहीं कार्ययोजना बनाने के संबंध में संस्कृति विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में अप्रवासी भारतीयों के संगठनों की गणना तथा उनके संगठनों का एक नेटवर्क बनाने के संबंध में भी संवाद हुआ।






































