SAGAR. सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सर्राफ पर महिला ने बदसलूकी का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि वह रेवांचल एक्सप्रेस में अपने बच्चे के साथ सफर कर रही थी। नशे की हालत में देर रात दोनों विधायकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला की शिकायत पर सागर जीआरपी ने महिला को अपनी सुरक्षा में लेकर भोपाल पहुंची। जहां महिला ने जीआरपी हबीबगंज में दोनों विधायकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं अब इस मामले में राजनीति भी शुरू हो गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने घटना को दुर्भाग्यजनक बताते हुए कहा कि हम महिला के साथ है और उसे इंसाफ जरूर मिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रियंका गांधी से पूछा की नशे में धुत्त होकर कांग्रेस विधायकों ने जिस तरह से हरकत की है कांग्रेस पार्टी को इसका जवाब देन पड़ेगा। साथ ही कहा कि अब क्या करेंगी प्रियंका गांधी…?

बता दें कि गुरुवार को रीवा से भोपाल जाने वाली रेवांचल एक्सप्रेस में b1 कोच में सफर कर रही महिला ने सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सर्राफ पर शराब के नशे में अभद्रता करने की शिकायत फोन पर अपने पति से की। जिसके बाद महिला के पति ने जबलपुर डीआरएम और आरपीएफ, रेलवे पुलिस के साथ-साथ प्रधानमंत्री को भी ट्वीट कर मामले की शिकायत की। ट्रेन में महिला से छेड़छाड़ की बात सामने आने पर सागर जीआरपी पुलिस के एक एएसआई और कांस्टेबल ट्रेन में महिला के पास पहुंचे और महिला की शिकायत दर्ज की। इसके साथ ही भोपाल पहुंचने पर महिला ने भोपाल जीआरपी में भी दोनों विधायकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।


जानकारी के अनुसार सागर जीआरपी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का कहना है की कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। और नशे में होने का आरोप भी झूठा हैं। चाहे तो हमारे मेडिकल भी करवा लिया जाए। उन्होंने कहा सामने की सीट में बैठी महिला के साथ उनकी कोई बातचीत नहीं हुई हैं। हमारे घर में भी छोटी-छोटी बच्चियां हैं।

ट्रेन में सिद्धार्थ कुशवाहा के साथ से कांग्रेस विधायक सुनील सराफ भी उनके साथ थे। महिला से बदसलूकी का आरोप सुनील सराफ पर भी लगा है। कांग्रेस विधायक सुनील सराफ ने कहा कि महिला के साथ किसी ने कोई बदतमीजी नहीं की है। लेकिन उन्होंने माना कि सीट को लेकर महिला से बहस जरूर हुई थी। उन्होंने बताया कि महिला हमारी सीट पर बैठी हुई थी, हमने बस सीट से हटने को कहा था। इसे बिना विवाद के मुद्दा बनाया जा रहा है।






































