KORBA. प्रदेश के कोरबा जिले में बीते बुधवार को 60 वर्षीय महिला की सिल बट्टे से सिर को कुचलकर हत्या कर दी गई। बेटा जब देर शाम काम के बाद खाना-खाने घर लौटा तो घर के सारे खिड़की-दरवाजे बंद थे। बेटे ने जब पड़ोसियों के घर की खिड़की से अपने घर के अंदर झांककर देखा तो अंदर खून से सने सिल बट्टे के पास माँ की लाश पड़ी थी।

मामला कोरबा जिले के हरदी बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र में आने वाले ग्राम धतूरा का है। यहां 60 वर्षीय महिला कालाबाई राठौर अपने घर में अकेले रहती थी। महिला के पति की मौत पहले ही हो चुकी थी। और बेटा मनीष राठौर अपने परिवार के साथ दूसरे गांव उतरदा में रहता है। लेकिन काम करने धतूरा गांव के केजेएसएल प्लांट में रोज आता है। बुधवार को मनीष की नाइट शिफ्ट थी और वह हमेशा की तरह शाम 7 बजे खाना-खाने अपने माँ के घर गया। घर के सभी खिड़की-दरवाजे बंद देखकर वह परेशान हो गया। और जब उसने पड़ोसियों के घर से झांककर देखा तो उसे अपनी माँ की लाश जमीन पर पड़ी दिखाई दी।

खून से सने सिल-बट्टे के बगल में पड़ी थी लाश
जब मनीष पड़ोसियों के घर से अपनी माँ के घर में घुसा तो जमीन पर खून से सना सिल-बट्टा पड़ा था। उसी के ठीक बगल में उसकी माँ की लाश थी। मनीष ने तुरंत पुलिस और परिजनों को इसकी जानकारी दी।
पुलिस हिरासत में गांव का एक युवक
बताया जा रहा है कि पुलिस ने गांव के युवक को इस मामले में हिरासत में ले लिया है। अंतिम बार उसी को मृत महिला के घर से निकलते देखा गया था। महिला से दुष्कर्म होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस बात की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरदीबाजार चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। संभवतः गुरुवार शाम तक मामले का पूरा खुलासा हो जाएगा।






































