भिलाई । नगर निगम क्षेत्रों में राम नाम का प्रचार करने भिलाई शहर में नए संगठन का गठन किया गया है। संगठन के माध्यम से राम नाम का प्रचार व समाज सेवा करने का संकल्प लिया गया है। शनिवार को कॉफी हाउस सुपेला में इस संबंध में एक बैठक हुई जिसमें संगठन के भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस मौके सभी निकायों में राम रोटी केन्द्र शुरू किए जाने का निर्णय भी लिया गया।
रामायण प्रचार समिति के संयोजक राम उपकार तिवारी ने बताया कि संगठन प्रदेश स्तर पर कार्य करेगा। खारून से शिवनाथ तक हर क्षेत्र में काम करने की योजना है। सामाजिक कार्यों के साथ ही इस संगठन की राजनीतिक क्षेत्र में भी उपस्थिति रहेगी। कॉफी हाउस में आयोजित बैठक में भिलाई, वैशाली नगर, जामुल, भिलाई चरोदा, रिसाली तथा कुम्हारी से बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। बैठक में संगठन के कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
रामायण प्रचार समिति के संयोजक राम उपकार तिवारी ने कहा कि यह अलग संस्था है। जो खारुन नदी से शिवनाथ नदी तक शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, अन्य सामाजिक गतिविधियों के अलावा राजनीतिक रुप से भी सक्रिय रहेगी। इसका विस्तार जिला, तहसील, ब्लाक, निगम, पालिका, वार्ड से लेकर बूथ स्तर पर किया जाएगा। राम उपकार तिवारी ने कहा कि समिति जनमानस में श्रीराम नाम का प्रचार करेगी, साथ ही सभी तरह की गतिविधियों में शामिल होगी।
रामउपकार तिवारी ने कहा है कि संगठन के द्वारा राजनीतिक, प्रशासनिक अव्यवस्था के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही हर निगम क्षेत्र में राम रोटी केंद्र की स्थापना की जाएगी। राम रोटी केन्द्र को लेकर उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से संगठन का प्रयास होगा कि कोई भी भूखा न रहे। राम रोटी केन्द्र एक तरह से जरूरतमंदों व भूखों को खाना उपलब्ध कराएगा, ताकि कोई भी भूखा न रहे। आज की बैठक में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दी।