भिलाई। नगरीय निकाय चुनाव होने के बाद प्रदेश के चारों नगर निगमों में महापौर व सभापति कौन होगा, इसकी चर्चा हो रही है। अब तक किसी भी निगम में महापौर व सभापति को लेकर किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। हालांकि चारों निगमों में प्रथम सम्मीलन की तारीख तय हो गई है। यह भी तय है कि सम्मीलन के दिन महापौर व सभापति की घोषणा भी हो जाएगी। इस बीच नवगठित नगर निगम रिसाली को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण इस निगम के प्रति उत्सुकता बढ़ी हुई है।
नगर निगम रिसाली में महापौर व सभापति को लेकर ज्यादा खींचतान होने की संभावना नहीं दिख रही। नगर निगम रिसाली में महापौर को लेकर कई समीकरण बन रहे हैं, ओबीसी आरक्षित महिला होने के कारण रिसाली निगम से चुनाव जीतने वाले कुछ महिला पार्षदों के नाम महापौर के दावेदारों में शामिल हैं। लेकिन इनमें एक नाम ऐसा भी है जिस पर सबकी नजरें हैं।
बताया जा रहा है कि वार्ड 28 से पार्षद सीमा साहू महापौर की प्रबल दावेदार हैं। सीमा साहू के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से पारिवारिक रिश्ते हैं, यही कारण है कि इनकी दावेदारी ज्यादा मानी जा रही है।
इसके अलावा वार्ड-3 से सारिका साहू, वार्ड-4 से ममता यादव, वार्ड 9 से शशि सिन्हा व वार्ड 14 से सरिता देवांगन भी आरक्षण की कैटेगरी में आते हैं। उक्त चारों महिला पार्षद भी महापौर की रेस में हैं। इनमें से एक नाम शशि सिन्हा का भी है। इनको लेकर कहा जा रहा है कि वह महापौर बन सकती हैं। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू वह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही लेंगे।
5 जनवरी को रिसाली निगम में प्रथम सम्मीलन का आयोजन किया गया है। इसी दिन महापौर व सभापति के साथ ही अपील समिति के सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। दोपहर 3:00 बजे तक रिसाली निगम की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
केशव बंछोर हो सकते हैं सभापति
महापौर के बाद सभापति कौन होगा इसे लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है। नगर निगम रिसाली की बात करें तो वार्ड क्रमांक 11 से पार्षद केशव कुमार बंछोर का सभापति बनना लगभग तय माना जा रहा है। इसके पीछे बहुत से तर्क भी जुड़े हुए हैं। केशव बंछोर कांग्रेस के दिग्गज पार्षदों में शुमार रहे हैं। नगर निगम रिसाली बनने के बाद पहले वह महापौर के दावेदारों में शामिल रहे। लेकिन महिला आरक्षण होने के कारण वह महापौर के दावेदार तो नहीं रहे, लेकिन सभापति पद पर इनकी दावेदारी पुख्ता है। सूत्रों के अनुसार केशव बंछोर का सभापति बनना तय है, केवल औपचारिक घोषणा ही बाकी है।
यह है रिसाली निगम में पार्षदों की स्थिति
नगर निगम रिसाली में हुए चुनाव में कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है। यहां के 40 वार्डों में से 21 में कांग्रेस के पार्षद जीतकर आए हैं। 12 वार्डों में भाजपा के पार्षद विजयी हुए। 7 वार्डों में निर्दलीय पार्षदों ने बाजी मारी है। मतगणना के बाद 5 निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस को समर्थन दे दिया जिससे यहां कांग्रेस पार्षदों की संख्या 26 हो गई है। इस प्रकार रिसाली निगम में कांग्रेस का महापौर व सभापति बनना तय है।