तीरंदाज डेस्क। देश में तीसरी लहर में संक्रमण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना संक्रमण के लिहाज से रविवार का दिन काफी खतरनाक रहा। इस दौरान देशभर में कोरोना संक्रमण के एक लाख 79 हजार 723 नए मामले सामने आए। संक्रमण दर बढ़ने के साथ मौतों का आंकड़ा घटने से राहत है। वहीं इस बीच देश में 46,569 लोग स्वस्थ भी हुए। स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा कम व नए केस बढ़ने से एक्टिव मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। देश में फिलहाल 7 लाख से ज्यादा सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार देश में कुल कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 3 करोड़ 57 लाख 7 हजार 727 तक पहुंच गए हैं। बीते 24 घंटों में स्वस्थ हुए मरीजों को मिलाने के बाद देश में कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या 3 करोड़ 45 लाख 172 तक पहुंच गई है। देश में अब तक कोरोना संक्रमण के कारण 4 लाख 83 हजार 936 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। देश में रिकवरी घटने के कारण अब 7 लाख 23 हजार 619 मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब देश में वैक्सीन के 15 करोड़ 19 लाख 40 हजार 595 डोज लग चुके हैं।
महाराष्ट्र व दिल्ली में खतरनाक स्थिति
देश में कोरोना संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र व दिल्ली हॉटस्पॉट बने हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली में एक सप्ताह में एक लाख के करीब केस सामने आ चुके हैं। वहीं महाराष्ट्र में एक सप्ताह में ही सवा दो लाख के करीब केस सामने आए हैं। इन दोनों जिलों में ओमिक्रॉन के मामले में भी लगातार बढ़ रहे हैं। देश में ओमिक्रोन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 4,033 हो गई है। ओमिक्रॉन के 1216 मामले अकेले महाराष्ट्रमें हैं। वहीं ओमिक्रोन के 4,033 मरीजों में से 1,552 मरीज डिस्चार्ज हो गए हैं। इस लिहाज से ओमिक्रॉन वैरिएंट के कारण अब तक देश में हालात नही बने।
छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर व दुर्ग में बिगड़े हालात
इधर छत्तीसगढ़ की बात करें तो राजधानी रायपुर, दुर्ग व बिलासपुर में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश भर में 2502 कोरोना मरीजों की पहचान हुई है। इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 8.05% रही। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 102 मरीज स्वस्थ हुए। वहीं 2 मरीजों की मौत भी हुई। दैनिक संक्रमण के मामले में राजधानी रायपुर में कुल 830 नए कोरोना मरीजों की पहचान हुई। इसके अलावा बिलासपुर में 335, दुर्ग में 261, रायगढ़ में 227, कोरबा में 246, जांजगीर-चांपा में 190, व राजनांदगांव में 123 नए मरीज मिले। इसी प्रकार जसपुर में 89, सरगुजा में 58 व धमतरी में 46 मरीजों की पहचान हुई। लगातार बढ़ते मामलों के कारण प्रदेश में सक्रीय मरीजों की संख्या बढ़ गई है फिलहाल प्रदेश में सक्रिय मरीज 15 हजार 464 है।