जांजगीर। जांजगीर जिले में आज सुबह पुलिस जवानों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने जवानों से भरी बस को जोरदार टक्कर मारी। हादसे में 20 से अधिक जवान घायल हो गए हैं। इनमें 8 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी जवान जांजगीर में आज सीएम बघेल के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जा रहे थे। वहीं हादसे के बाद सीएम बघेल ने सभी घायल जवानों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। यही नहीं खराब मौसम के कारण सीएम बघेल ने अपना जांजगीर दौरा भी रद्द कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जांजगीर-चांपा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कार्यक्रम कार्यक्रम था। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था संभालने बिलासपुर से 45 जवानों को लेकर बस रवाना हुई। सुबह 7:30 बजे शिवरीनारायण क्षेत्र में विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के कारण 20 जवानों को काफी चोटें आई हैं। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बाकी जवानों को हल्की चोटें आई।
टक्कर के बाद आसपास गांव के लोग जमा हो गए और तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला और सभी घायल जवानों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि हादसा ट्रक ड्राइवर की गलती से हुआ है। ट्रक चालक को अचानक झपकी आ गई जिससे वह अनियंत्रित होते हुए पुलिस जवानों से भरी बस को ठोकर मार दी। इस मामले ने पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
सीएम बघेल का जांजगीर दौरा रद्द
जांजगीर जिले में शुक्रवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दौरा रद्द कर दिया गया है। खराब मौसम के कारण सीएम बघेल ने दौरा रद्द कर दिया। वहीं सीएम बघेल ने शिवरीनारायण में हुए हादसे की जानकारी ली और घायल जवानों को बेहतर चिकित्सा देने का निर्देश भी दिया है।