रायपुर। राजधानी में गैंगवार (Gang war) बेखौफ हो रहा है। इस बीच, मौदहापारा इलाके के दो गुटों में विवाद के बाद चाकूबाजी हो गई है। इसमें दो युवकों को ज्यादा चोटें आई है। जबकि एक को हल्की चोट लगी है। सरेआम चाकूबाजी (openly stabbing) के बाद 3-4 युवक बड़े आराम से लोगों की आंखों के सामने से फरार हो गए। घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौदहापारा पुलिस (Maudhapara police) ने बताया कि दुर्गा कॉलेज के स्टूडेंट्स के ग्रुप ने एक पार्टी रखी थी। इसमें एम कॉम के स्टूडेंट्स शामिल थे। गुरुवार की रात ये पार्टी वीआईपी रोड के होटल शीतल में थी। स्टूडेंट्स डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। यहां मौजूद स्टूडेंट्स में अहतेशाम अशरफी (21), अहतेशाम खान (21), मोहम्मद अल्ताफ खान (21) भी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि पार्टी में 150 लड़के-लड़कियां और भी थे। अहतेशाम खान का एक परिचित जस्सी भी इस पार्टी में आ गया। जस्सी दुर्गा कॉलेज का छात्र नहीं है। यहां लड़कों के गुटों में इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा की दोनों गुटों में मारपीट तक हो गई। मारपीट के बाद कुछ देर हंगामा हुआ, फिर आधे घंटे के बाद छात्रों के ग्रुप ने मामला शांत करवा दिया।
इसके बाद राज टॉकिज के पास सिटी एसपी दफ्तर के ठीक सामने बेकरी के पास जस्सी और उसके साथ हॉकी स्टिक और चाकू से लैस होकर पहुंचे। जस्सी ने अहतेशाम खान को कॉल करके कहा कि मिलकर मामला सुलझाना है, बेकरी के पास पहुंच जाओ। अहतेशाम खान के साथ अहतेशाम अशरफी और मोहम्मद अल्ताफ खान भी पहुंचे। यहां बात करने की बजाए जस्सी और उसके 3-4 साथियों ने सीधे मारपीट शुरू कर दी थी।