JABALPUR NEWS. मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। शहर में छोटे-मोटे विवाद भी खूनी संघर्ष का रूप ले रहे हैं। शुक्रवार को एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या ने इलाके में सनसनी मचा दी है। चाकूबाजी के मामलों में जबलपुर प्रदेश में सबसे आगे है।

प्राइवेट नौकरी के साथ पढ़ाई करता था रुद्र
कोतवाली थाना क्षेत्र के पंजाब बैंक कॉलोनी में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अंशु उर्फ रुद्र भार्गव नामक छात्र की निर्मम हत्या कर दी गई। रुद्र प्राइवेट नौकरी के साथ पढ़ाई भी कर रहा था। चाकू लेकर आए चार से पांच बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव आए।

शराब पीने को लेकर पड़ोसी से हुआ था विवाद
घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मगर, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस के अनुसार तीन दिन पहले शराबखोरी को लेकर पड़ोसी के पिता के साथ रुद्र का विवाद हुआ था।

बाद में किया था समझौता
दोनों परिवारों में कहासुनी और मारपीट भी हुई थी, हालांकि बाद में समझौता कर लिया गया था। मृतक के परिजन आरोपित चार युवकों- हर्ष दुबे, दीपक मिश्रा, आर्यन दुबे और शिवम कोरी को घटना का जिम्मेदार मानते हैं।

जल्द करेंगे आरोपियों को गिरफ्तार
पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी फरार हैं और उनके खिलाफ फरार तलाश शुरू कर दी गई है। सीएसपी रितेश शिव ने कहा, “मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे।”


































