BHOPAL NEWS. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 27 साल की मॉडल की संदिग्ध हालात में मौत ने शहर को हिलाकर रख दिया है। पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार तड़के की है। खुशबू अहिरवार उर्फ खुशी वर्मा को उसका मुस्लिम बॉयफ्रेंड कासिम गंभीर हालत में भैंसाखेड़ी के निजी अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया।

अभी तक फरार है आरोपी
डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है, वहीं आरोपी युवक अभी तक फरार है। बताया जा रहा है कि खुशबू बीए की पढ़ाई छोड़ मॉडलिंग में सक्रिय थी।
ब्रांड शूट्स और पार्ट-टाइम जॉब करती थी
खुशबू पिछले तीन साल से भोपाल में स्थानीय ब्रांड्स के लिए शूट करती थी और पार्ट-टाइम जॉब भी करती थी। उसने .सोशल मीडिया पर ‘डायमंड गर्ल’ नाम से पहचान बनाई थी। उसके 12 हजार इंस्टाग्राम फॉलोअर्स हैं। खुशबू अपने मुस्लिम प्रेमी कासिम के साथ लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद खुशबू के परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती की मां लक्ष्मी अहिरवार का कहना है कि बेटी के शरीर और चेहरे पर कई चोटों के निशान हैं और कंधे, प्राइवेट पार्ट पर भी गंभीर घाव मिले हैं। उनकी आशंका है कि खुशबू की बेरहमी से पिटाई कर हत्या हुई है।

पुलिस जांच रही है सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने फिलहाल अस्पताल के रिकॉर्ड्स और आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटाकर जांच तेज कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की हर एंगल से तफ्तीश चल रही है और आरोपी युवक की तलाश में टीमें जुटी हैं।

3 दिन पहले मृतका की मां को किया था फोन
कासिम ने 3 दिन पहले मृतका की मां को कॉल कर बताया था कि वह मुसलमान है। मगर, खुशबू उसके साथ सुरक्षित है और वे दोनों उज्जैन जा रहे हैं। इसके बाद से उनकी बेटी या कासिम से बात नहीं हुई थी।



































