BARABANKI NEWS. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के नगर कोतवाली के बाहर से पुलिसकर्मी की अपाचे बाइक चोरी की गई। इस बाइक का इस्तेमाल कर रायबरेली में एक दंपती से बदमाशों ने लूट की। बाराबंकी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को दबोच लिया है।

पुलिस को देखकर भागे बदमाश
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा बदमाश घायल अवस्था में पकड़ा गया।मंगलवार देर रात स्वाट, सर्विलांस और नगर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम चोरी और लूट की घटनाओं को रोकने के लिए गश्त पर थी। तभी सोमैया नगर के पास पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक भागने लगे।

दोनों बदमाशों को किया गिरफ्तार
पीछा करते हुए शुगर मिल के पास मोटरसाइकिल फिसल गई और गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सदरौना काशीराम कॉलोनी, थाना पारा, लखनऊ के रहने वाले रघुवीर पांडेय पैर में गोली लगी। दूसरा बदमाश अजय दीक्षित उर्फ शुभम भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मूल रूप से बिल्हौर, कानपुर नगर का रहने वाला है। फिलहाल एसटीपी चौराहा, थाना बीबीडी, लखनऊ में रह रहा था।

रायबरेली में की थी लूट
गिरफ्तार बदमाशों ने चोरी की गई अपाचे बाइक से 1 नवंबर को रायबरेली जनपद के गुरुबक्सगंज थाना क्षेत्र में वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने मो. आलम और उनकी पत्नी गौसिया से लूट की थी। लूट में 4000 रुपए नकद, चांदी की पायल और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग छीन लिया था।

आरोपियों पर दर्ज हैं कई केस
इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों पर कई जिलों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनके आपराधिक नेटवर्क की जांच के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।




































