RAIGARH NEWS. रायगढ़ में संत गुरु घासीदास बाबा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में आखिरकार पुलिस ने आरोपी विजय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर गई और वहां से मरीन ड्राइव तक तकरीबन 100 मीटर तक मार्च कराया। आरोपी विजय राजपूत घटना के बाद से फरार था।

मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सतनामी समाज ने ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। मामले में आज गिरफ्तारी के बाद समाज की मांग पर आरोपी को पुलिस चक्रधर नगर सिग्नल चौक लेकर गई जहां उसने वीडियो बनाया था। वहां से मरीन ड्राइव तक लगभग 100 मीटर तक उसे मार्च कराया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

आपको बता दें कि विजय राजपूत नामक शख्स का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें उसने शराब के नशे में संत गुरु घासीदास बाबा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी और गाली गलौज किया था। घटना के बाद से सतनामी समाज में आक्रोश था। सर्व समाज ने भी इसकी निंदा की थी। समाज के लोगों ने एसपी से मिलकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

भाटापारा में विरोध में उग्र प्रदर्शन
इधर भाटापारा में गौसेवक आदेश सोनी और रायगढ़ निवासी सिंधी समाज के विजय राजपूत के द्वारा समाज और गुरु के खिलाफ बिगड़े बोल को लेकर सतनामी समाज के सैकड़ो लोग थाने पहुंचे। दोनों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया था। दोषियों को फांसी देने का नारा भी लगा डाला था।

रायगढ़ के सिंधी समाज के विजय राजपूत के द्वारा सतनामी समाज के गुरु पर अभद्र टिप्पणी करने एवँ मुंगेली के निवासी गौसेवक आदेश सोनी के द्वारा एक निजी न्यूज़ चैनल के डिबेट में बैठकर सतनामी समाज के लिए अभद्र टिप्पणी से आहत सतनामी समाज के द्वारा भाटापारा के मुख्य मार्ग में रैली निकाली गई। भाटापारा शहर थाना के सामने जमकर नारेबाजी करते हुए दोनों आरोपियों के गिरफ्तारी कर कानूनी कार्यवाही करने की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया गया। गुस्साए सतनामी समाज के लोगों ने दोषियों को फांसी देने का नारा लगाया और ज्ञापन सौंपा।




































