INDORE NEWS. इंदौर के तीन इमली इलाके में नगर निगम की लापरवाही फिर सामने आई है। यहां सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। काम अभी पूरा भी नहीं हुआ कि स्टॉर्म वाटर लाइन डालने के नाम पर उसी सड़क को दोबारा खोद दिया गया। एक राहगीर ने गुरुवार की रात को इस घटना का वीडियो महापौर पुष्यमित्र भार्गव को भेजा।

बिना बताए मौके पर पहुंचे मेयर
उन्होंने तुरंत मामले को संज्ञान लेकर शुक्रवार सुबह अचानक मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जमकर फटकार लगाई। गुरुवार रात मिली शिकायत के बाद महापौर ने मौके पर पहुंचकर देखा कि सड़क का आधा काम भी पूरा नहीं हुआ था, फिर भी उसी हिस्से पर खुदाई चल रही थी। इस पर उन्होंने जिम्मेदारों से जवाब मांगा और कहा कि ऐसी लापरवाही जनता को परेशानी में डाल रही है।

अधिकारियों को फटकार
निरीक्षण के दौरान मेयर ने अपर आयुक्त अभय राजन, जोनल अधिकारी अतीक खान, पार्षद राजेंद्र राठौड़, निर्माण एजेंसी और कंसल्टेंट एजेंसी एसएनएस के प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाया। जब अधिकारियों ने बताया कि यहां स्टॉर्म वाटर लाइन डाली जा रही है, तो महापौर भड़क उठे। उन्होंने सवाल किया कि क्या पहले पता नहीं था कि यह लाइन डालनी है? जब सड़क बन रही थी तब इसकी योजना क्यों नहीं बनाई गई? यह साफ लापरवाही है।

जलजमाव की शिकायत पर भी सवाल
महापौर ने अधिकारियों से पूछा कि क्या इस क्षेत्र में हाल ही में जलजमाव की कोई शिकायत आई थी? इस पर अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जवाब से असंतुष्ट महापौर ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।

एजेंसी ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने मौके पर ही निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस लापरवाही की पूरी जवाबदारी तय की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाए और उसका कॉन्ट्रैक्ट तत्काल रद्द कर पेनल्टी लगाई जाए। साथ ही कंसल्टेंट एजेंसी एसएनएस से हुए नुकसान की पूरी भरपाई वसूलने के आदेश दिए।

































