DHAR NEWS. मध्य प्रदेश के धार जिले की औद्योगिक नगरी पीथमपुर के सागौर थाना इलाके में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। भारी पिलर को शिफ्ट करते समय क्रेन अचानक संतुलन खो बैठी और सर्विस रोड पर पलट गई। क्रेन गिरने से दो पिकअप वाहनों में सवार लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह हुआ हादसा
हादसा सेक्टर 3 के सागौर रेलवे के निर्माणाधीन ब्रिज पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे हड़कंप मच गया। दरअसल, इस दौरान ब्रिज पर गार्डर चढ़ाने के काम के दौरान दो क्रेन दोनों छोर से गार्डर उठा रही थीं। इस बीच सागौर की ओर लगी एक क्रेन अचानक नीचे गिर गई। क्रेन गिरते ही रास्ते से गुजर रही लोडिंग टाटा मैजिक और एक पिकअप वाहन उसकी चपेट में आ गए।

दो लोग फंसे हैं
लोडिंग टाटा मैजिक के ऊपर भारी भरकम क्रेन गिरने से उसका ड्राइवर और एक अन्य युवक बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही सागौर थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे पुलिस और अन्य अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू हो चुका है। बड़ी क्रेन की मदद से गिर चुकी मशीन और पिलर हटाने का प्रयास हो रहा है।

लोगों को बचाने में लगी रेस्क्यू टीम
वहीं, एंबुलेंस और अन्य राहत दल भी तैनात हैं। रेस्क्यू टीम दोनों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही है। एक महिला भी मौके पर पहुंची, जिसने बताया कि उसका बेटा भी उसी गाड़ी में था और हादसे में अंदर दब गया है। बताते चलें कि यह ब्रिज पिछले दो सालों से निर्माणाधीन है और इसकी काम की धीमी रफ्तार को लेकर स्थानीय लोग पहले से ही नाराज थे।
तकनीकी विशेषज्ञ नहीं थे मौके पर
स्थानीय लोगों का कहना है कि आमतौर पर ऐसे भारी उपकरणों का काम रात में या ट्रैफिक बंद होने पर करना सुरक्षित होता है। मगर, शुक्रवार को दिन में और तकनीकी विशेषज्ञों की अनुपस्थिति में यह कार्य किया गया, जिससे ये गंभीर दुर्घटना हुई। वरिष्ठ अधिकारी भी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।

आसपास के लोग हो गए जमा
क्रेन गिरने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए हैं। भारी क्रेन और जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है। अच्छी बात यह रही कि कोई यात्री वाहन हादसे की जद में नहीं आया, नहीं तो नुकसान और बढ़ सकता था। माना जा रहा है कि गार्डर उठाते समय संतुलन बिगड़ने से क्रेन एक तरफ झुक गई और हादसा हो गया।



































