INDORE/ RAIPUR NEWS. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्रों के कारण मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। हवाओं के साथ नमी आने से MP-CG के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह स्थिति अगले तीन से चार दिनों तक बनी रह सकती है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी।

मध्य प्रदेश के मौसम का हाल
विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य के इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, छतरपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, मंदसौर, नीमच, देवास, रतलाम, आगर मालवा, उज्जैन और अन्य जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
शनिवार सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक बैतूल में 18 मिमी, सागर में 17 मिमी और उज्जैन में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान खजुराहो में 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

इतनी रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने बताया कि अरब सागर के पूर्व-मध्य हिस्से में अवदाब सक्रिय है, जो उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में भी एक दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो रविवार तक गहरे अवदाब में और सोमवार तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। यह सिस्टम सोमवार तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचने के बाद और ताकतवर होगा।
मंगलवार सुबह तक इसके गंभीर चक्रवात बनने के आसार हैं। इस दौरान 90 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही सोमवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो सकता है। इससे उत्तर भारत में तापमान गिरने और ठंडी हवाओं के चलने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 27 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। शनिवार को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। विभाग ने बताया कि यह सिस्टम अगले दो दिनों में गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है और 28 अक्टूबर की रात तक आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों को पार करेगा। बंगाल की खाड़ी में उठ रहा यह तूफान अगले 72 घंटों में और ताकतवर हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम 27 से 29 अक्टूबर तक प्रदेश को प्रभावित करेगा। इस दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों में हल्की से भारी बारिश के आसार हैं। 27 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश, 28 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी वर्षा और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बिजली गिरने की दी चेतावनी
बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है । रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.7 और 4.1 डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी बढ़ने और बादलों की आवाजाही से उमस महसूस की गई। 26 अक्टूबर को भी शहर का आसमानों में बादल छाए रह सकते हैं। तापमान लगभग 32 डिग्री अधिकतम तथा 24 डिग्री न्यूनतम के आसपास रहने की संभावना है।

































