BHILAI NEWS. भिलाई में सुबह रंगोली पर बाइक चढ़ाने से उपजा विवाद शाम होने तक हत्या में बदल गया। दिनदहाड़े दो लोगों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू चला दिया। जिससे घटना स्थल पर ही एक की मौत हो गई वही दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह पूरा मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र के तेल्हानाला के पास का है। फिलहाल पुलिस की टीम क्राइम सीन पर पहुंच चुकी है। एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि दोनों आरोपी को खुर्सीपार पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर हुए विवाद के बाद क्षण भर में लोग आक्रोश में आकर ऐसी घटना को अंजाम देते हैं। इसकी वजह से बात हत्या तक पहुंच जाती है।


यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब आरोपी राजेश साहू की बेटी ने अपने आंगन में रंगोली बनाई थी। इसी बीच बाइक सवार मंगल उड़िया और उसके दोस्त तुषार वर्मा ने रंगोली पर बाइक चढ़ा दी। जिसके बाद वहां विवाद शुरू हुआ। लड़की के पिता राजेश साहू औऱ् मामा रविन्द्र वर्मा के साथ मंगल उड़िया और तुषार की बहस हुई, लेकिन कुछ देर में वाद विवाद वहीं शांत हो गया।

वहीं शाम को फिर चारों का आमना सामना हुआ तो इस बार मंगल ने बदला लेने की नीयत से राजेश औऱ् रविन्द्र पर चाकू चलाने की कोशिश की। इसी बीच रविन्द्र और राजेश ने मंगल के हाथों से चाकू छीन लिया औऱ् उन दोनों पर ताबडतोड़ वार कर दिया। फिलहाल आऱोपी को पुलिस ने तत्काल ढूंढ निकाला और उनसे पूछताछ की जा रही है। कल उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
