KORBA NEWS. कोरबा जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां जिला जेल की चारदीवारी को फांद कर दिनदहाड़े चार कैदी फरार हो गए हैं। चारों कैदी युवा अवस्था के बताए जा रहे हैं और बलात्कार व पॉक्सो एक्ट के मामले में इन्हें आरोपी बनाया गया है। अलग-अलग थाना क्षेत्र से यह चारों आरोपी जेल दाखिल कराए गए थे।
इस घटनाक्रम की खबर फैलते ही जेल प्रबंधन व जिला प्रशासन सहित पुलिस महकमें में हड़कम्प मच गया है। प्रारम्भिक जानकारी के मुताबिक जिला जेल कोरबा में आज दोपहर 3 से 4 बजे के मध्य यह घटना घटित की गई। बताया जा रहा है कि कैदी चंद्रशेखर राठिया, दशरथ सिदार, राज कंवर और सरना भीकू को जेल दाखिल कराया गया था। इन चारों कैदियों ने जेल से भागने की योजना तैयार की।
बताया जा रहा है कि ये सभी जेल प्रहरियों को झांसा देकर जेल की 25 फीट ऊंची दीवार संभवतः रस्सी के सहारे फांदकर फरार हो गये। जब तक जेल प्रबंधन को पता चला तब तक ये फरार हो चुके थे। जेल से एक साथ चार कैदियों के फरार होने की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी गयी। पुलिस अधिकारियों द्वारा शहरी और उप नगरीय थाना-चैकियों को फरार कैदियों की धरपकड़ के लिए मैसेज जारी किया गया। इस जानकारी के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया।
बिलासपुर जेल से फरार हुआ था कैदी
इसके पहले बिलासपुर सेंट्रल जेल की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद बीते 8 जून रविवार को चोरी के आरोप में बंद विचाराधीन कैदी राजा गोंड फरार हो गया था। गतौरा के रहने वाले राजा को मस्तूरी थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में 3 मई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। रविवार को उसने जेल के अस्पताल वार्डगार्ड के ऊपर चढ़कर 22 फीट ऊंची दीवार फांद ली, जबकि दीवार में 11KV करंट प्रवाहित तार लगे होने का दावा किया गया है। प्रहरी अश्वनी ध्रुव ने उसे छलांग लगाते देखा और तुरंत अलर्ट किया, लेकिन तब तक वह भाग चुका था।
जेल प्रशासन ने पहले खुद तलाश की, लेकिन जब युवक नहीं मिला तो देर शाम पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और रात करीब 8:30 बजे सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने फोटो के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया और युवक को सरकंडा क्षेत्र से पकड़ लिया।