SINGRAULI NEWS. इंसान को घर की छत पर बैठे हुए हम आप रोज देखते हैं, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ होगा जब घर की छत पर भैंस चढ़ गई। सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक भैंस घर की छत पर चढ़ी हुई है। वीडियो बरगवां थाना क्षेत्र के दादर गांव का है।
वीडियो में छत पर चढ़ी भैंस को हाइड्रा की मदद से नीचे उतारते हुए दिखाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दादर निवासी रामसूरत यादव के मकान में भैंस बुधवार की रात अचानक सीढियों से चढ़कर छत पर चली गई।
सुबह घरवालों ने भैंस को छत पर उत्पात मचाते देखा तो उनके होश उड़ गये। छत से नीचे आने के लिए भैंस पूरी छत में इधर-उधर भाग रही थी। भैंस को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गये थे। बाद में छत भैंस को नीचे उतारने के लिए हाइड्रा बुलाया गया, जिसके बाद भैंस को हाइड्रा की मदद से नीचे उतारा गया।