RAIPUR NEWS. रायपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार की रात अचानक हंगामा होने लगा। इससे भीड़ भी जमा हो गई। दरअसल, हैदराबाद से रायपुर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट का एसी लगभग डेढ़ घंटे तक बंद रहा। इस वजह से सफर के दौरान यात्रियों को खासी परेशानी हुई और यात्रियों को चक्कर आने शुरू हो गए। इस दौरान कई यात्रियों ने विमान में ही उल्टी कर दी। विमान में मौजूद यात्री किताब, ब्रोशर और दूसरी चीजों से हवा करते रहे। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और महिलाओं को होती रही। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
रायपुर पहुंचने के बाद विमान में मौजूद यात्रियों और एयरलाइंस के कर्मचारियों के बीच जमकर बहस हुई। इस दौरान रायपुर एयरपोर्ट पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने की वजह से यात्रियों ने हंगामा भी किया। बाद में सब एयरपोर्ट से बाहर निकल गए। एयरलाइंस की हैदराबाद-रायपुर फ्लाइट (6ई7248) शुक्रवार को अपने तय समय में शाम 6.32 को हैदराबाद से रवाना हुई। विमान में मौजूद यात्रियों के मुताबिक विमान के उड़ान भरते ही एसी ने काम करना बंद कर दिया। कुछ देर बाद लोग गर्मी और उमस से परेशान होने लगे। बार-बार क्रू मेंबर और एयर होस्टेस को बुलाने लगे। वे हर बार यही कहते कि बस दस मिनट में एसी ठीक हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में खत्म हो सकती हैं इन कर्मचारियों की नौकरी! शहर में रैली निकालकर किया प्रदर्शन, 16 जून से आंदोलन की चेतावनी
इसके बाद भी एसी तो ठीक नहीं हुआ लेकिन गर्मी और उमस लगातार बढ़ती ही गई। कुछ बुजुर्गों को चक्कर आने लगे। कई यात्रियों ने उल्टी कर दी। इस दौरान विमान के अंदर भी कई यात्रियों ने क्रू मेंबरों से जवाब-तलब किया, लेकिन किसी ने भी उनकी कुछ न सुनी। बाद में एयरलाइंस का स्टाफ ये कहता रहा कि अब विमान के लैंड होने के बाद ही इसे सुधारा जा सकेगा। इससे यात्रियों का गुस्सा और बढ़ गया, लेकिन कोई भी कुछ नहीं कर सका।
रायपुर में विमान से उतरने के बाद सभी यात्री इंडिगो एयरलाइंस के काउंटर के पास पहुंच गए। वहां मौजूद स्टाफ से उनकी बहस होने लगी। लेकिन उन्होंने किसी भी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। कई यात्रियों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया। करीब आधे घंटे तक वे कर्मचारियों से बहस करते रहे। लेकिन एयरलाइंस का स्टाफ यही कहता रहा कि एसी में खराबी अचानक आई थी। विमान के लैंड होने के बाद ही उसे ठीक किया जा सकता था। इस वजह से विमान के रायपुर आने का इंतजार किया गया।
ये भी पढ़ें: बीजापुर मुठभेड़ में 25 लाख का इनामी नक्सली भास्कर ढेर, लगातार दूसरे दिन सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता
इस मामले में इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से बताया गया कि फ्लाइट ने जब हैदराबाद से उड़ान भरी थी उस समय सब ठीक था। एयरलाइंस की इंजीनियरों ने सब बेहतर तरीके से चेक किया था। सारी मशीनें काम कर रही थी इसलिए पायलट ने उड़ान भरी थी। बीच रास्ते में एसी खराब हुआ था। उस समय उसे ठीक नहीं किया जा सकता था। इसलिए यात्रियों को जो परेशानी हुई उसके लिए खेद है। रायपुर आने के बाद विमान को पूरी तरह से ठीक कर दिया गया है।