कांकेर। अपने ही कर्मचारी की पत्नी से दुष्कर्म का आरोपी डिप्टी रेंजर पुलिस की गिरफ्त में आ गया। दुष्कर्म की शिकायत के बाद कांकेर पुलिस ने आरोपी डिप्टी रेंजर के तलाश शुरू कर दी थी। साइबर सेल की मदद से कांकेर एवं कोयलीबेड़ा थाना स्टाफ ने आरोपी डिप्टी रेंजर को धमतरी जिले के कुरुद से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 376, 376 (2), (ढ़), 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई है। आरोपी को आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा वन परिक्षेत्र में डिप्टी रेंजर गणेश राम साहू पर उसी के अधीनस्थ काम करने वाले बीट गार्ड की पत्नी ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। बीट गार्ड की पत्नी ने अपनी शिकायत में बताया था कि डिप्टी रेंजर बीमार होने पर दवाई देने के बहाने उसे अपने क्वार्टर ले गया ओर वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद लगातार वह पति को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। यह पूरा घटनाक्रम 2019 से जारी रहा। पिछले 3 माह से डिप्टी रेंजर अचानक ड्यूटी नहीं आ रहा था, इसी दौरान महिला ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने पति बीट गार्ड को दी। दोनों ने मिलकर इसकी शिकायत कोयलीबेड़ा थाने में दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी डिप्टी रेंजर की तलाश शुरू की गई। इस दौरान पता चला की डिप्टी रेंजर विगत 3 माह से ड्यूटी नहीं पहुंचा था। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से भी संपर्क किया गया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी गणेश राम साहू का लोकेशन ट्रेस किया। पुलिस को आरोपी गणेश राम साहू के धमतरी जिले के कुरूद में होने की सूचना मिली। जानकारी पुख्ता होने पर पुलिस की एक टीम ने कुरूद में दबिश देकर आरोपी गणेश राम साहू को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी गणेश राम साहू को विधिवत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।