RAIGARH NEWS. प्रदेश भर में भाजपा में होने वाले संगठन चुनाव को लेकर सरगर्मी शुरू हो गई है। आगामी 15 दिन के भीतर जिला भाजपा अध्यक्ष का चुनाव होना है। यह पहला मौका है जब जिला भाजपा अध्यक्ष के लिए दर्जन भर से अधिक बड़े चेहरे कतार में है। ऐसे में जिला भाजपा को एक नाम तय करने में मशक्कत करनी पड़ रही है। आलम यह है कि जिला भाजपा में लगातार अंदरूनी तौर पर बैठकों का दौर चल रहा है और एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।
दरअसल, राष्ट्रीय संगठन के निर्देशानुसार प्रदेश भर में 30 दिसंबर तक सभी जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां होनी है। रायगढ़ में भी जिला भाजपा अध्यक्ष चुना जाना है। प्रदेश स्तर पर पर्यवेक्षक और प्रभारी की नियुक्ति हो चुकी है लेकिन इसके पहले जिला भाजपा में अध्यक्ष के लिए एक नाम तय करने की कवायद चल रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रदेश में सत्ता होने की वजह से जिला भाजपा अध्यक्ष के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है।
ये भी पढ़ेंःशिक्षक भर्ती मामले में सरकार की जवाब से हाईकोर्ट नाराज, अंतिम 15 दिन की मोहलत
प्रदेश कार्य समिति सदस्य विवेक रंजन सिंह, श्रीकांत सोमांवार, विकास केडिया, अरुणधर दीवान, सतीश बेहरा, विलिस गुप्ता, पूनम सोलंकी, आशीष ताम्रकार, कौशलेश मिश्रा जैसे कई बड़े चेहरे जिला अध्यक्ष की दावेदारी कर रहे हैं। समर्थन जताने के लिए संगठन में अंदरूनी तौर पर लॉबिंग भी चल रही है। हालांकि दावेदारों का कहना है कि वे सिर्फ दावेदारी कर रहे हैं। संगठन का जो निर्णय होगा वह उन्हें मान्य होगा।
इधर, भाजपा संगठन भी इस बात को स्वीकार कर रहा है कि जिला अध्यक्ष के लिए नामों की लंबी सूची है। हालांकि संगठन का कहना है की जिला अध्यक्ष के लिए चुनाव नहीं बल्कि मनोनयन की प्रक्रिया होगी। ऐसे में सभी से राय शुमारी की जा रही है। सर्वसम्मति से एक नाम तय कर लिए जाएंगे।