LONON. ब्रिटेन में 5 जुलाई को सत्ता बदल गई। सुनक ने हार स्वीकार कर पार्टी से माफी मांगी है। उन्होंने स्टार्मर को भी फोन कर जीत की बधाई दी। आम चुनाव में लेबर पार्टी को बंपर जीत मिली है। पार्टी ने कुल 650 सीटों में से 412 जीत दर्ज की है। सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी 14 साल बाद लेबर पार्टी से चुनाव हार गई। इसके कुछ घंटे बाद भारतवंशी ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। लेबर पार्टी के 61 साल के कीर स्टार्मर देश के 58वें प्रधानमंत्री बन गए हैं।
सरकार बनाने के लिए 326 सीटों की जरूरत होती है। उधर कंजर्वेटिव 120 सीटों पर सिमट गई। यह कंजर्वेटिव पार्टी की पिछले 200 सालों में सबसे बड़ी हार है। कीर स्टार्मर ने कहा है कि मैं अभी बकिंघम प्लेस से लौटा हूं। मैंने इस महान देश की सरकार बनाने के लिए किंग के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। मैं ऋषि सुनक को उनके पहले एशियन मूल के PM बनने के लिए धन्यवाद देता हूं। उसके लिए जो उन्होंने अतिरिक्त मेहनत की है, उसे नकारना नहीं चाहते। हम उनकी मेहनत को सलाम करते हैं।
वहीं, किंग चार्ल्स से मुलाकात के बाद कीर स्टार्मर ब्रिटिश PM के आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचे हैं। वहां उन्होंने अपने समर्थकों से मुलाकात की है। स्टार्मर की किंग चार्ल्स से मुलाकात के बाद बकिंघम पैलेस ने स्टेटमेंट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि कीर स्टार्मर को अब आधिकारिक रूप से यूनाइटेड किंगडम का प्रधामंत्री नियुक्त किया गया है।
जानिए स्टार्मर के बारे में
भारतीय मूल के ऋषि सुनक अब ब्रिटेन के प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। कभी वेश्यालय की छत पर रहकर पढ़ाई करने वाले लेबर पार्टी के कीर स्टार्मर ने उन्हें चुनाव में करारी शिकस्त दी है। लेबर पार्टी को संसद की 650 में से 410 सीटें मिली हैं। स्टार्मर अब ब्रिटेन के 58वें प्रधानमंत्री बनेंगे। उनकी पर्सनालिटी सुनक से एकदम उलट है। भारतवंशी सुनक जहां खुद को धार्मिक बताते रहे हैं, वहीं स्टार्मर भगवान में यकीन नहीं करते। वे सुनक की तरह अरबपति भी नहीं हैं।
2 सितंबर 1962 की बात है। लंदन में एक मामूली नर्स और औजार बनाने वाले कारीगर के घर एक बच्चे का जन्म हुआ। दुनिया आज इसे सर कीर स्टार्मर के नाम से जानती है। स्टार्मर के पिता रोडने स्टार्मर हार्डकोर लेफ्टिस्ट थे, जिसके चलते उन्होंने लेबर पार्टी के संस्थापक कीर हार्डी के नाम पर अपने बेटे का नाम कीर स्टार्मर रखा।
स्टार्मर का बचपन मिडिल क्लास परिवार में बीता। वे शुरुआत से ही पढ़ाई के मामले में तेज थे। उन्होंने 11वीं तक की पढ़ाई के बाद ग्रामर स्कूल में दाखिला लिया। पढ़ाई, खेलकूद और म्यूजिक में बेहतरीन प्रदर्शन के कारण उनके भाई-बहन उन्हें ग्रामर स्कूल का सुपरबॉय कहकर बुलाते थे।