RAIPUR. बस्तर में उत्पात मचा रहे नक्सलियों ने एक बार फिर BJP नेता को अपना निशाना बनाया है। बीजापुर में भाजपा नेता तिरुपति कटला की हत्या कर दी है। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलियों से हमारी लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है। उनके मंसूबों को कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भाजपा की नेता की हत्या पर दुख जताया है। CM ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश में कहा है कि नक्सलियों की कायराना हरकत से बीजापुर के भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक एवं जनपद सदस्य तिरुपति कटला जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
CM ने आगे लिखा कि मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।
दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, बीजापुर में जो हत्या हुई है वह कायराना है। भाजपा के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। चुनाव के माहौल में भाजपा के कार्यकर्ताओं में भय पैदा करने के लिए यह सारी घटनाएं की जा रही हैं। यह बिल्कुल गलत है।
बता दें कि बीजापुर में BJP नेता, जनपद सदस्य व सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक रहे तिरुपति कटला की नक्सलियों ने धारदार हथियार से वार कर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार तिरुपति कटला शुक्रवार की शाम शादी समारोह में शामिल होने बीजापुर से 25 किलो मीटर दूर तोयनार गये हुए थे। कटला शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी बीच नक्सलियों ने उन पर धारदार हथियार गर्दन व छाती पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
नक्सली हमले से गंभीर रूप से घायल हुए तिरुपति को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।