BHOPAL. साल के आखिरी दिन छत्तीसगढ़ में दर्जनभर आईएएस अफसरों को प्रमोशन को तोहफा मिला तो मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। जनसंपर्क आयुक्त विवेक पोरवाल को राजस्व विभाग का प्रमुख आयुक्त बनाया गया है, वहीं संदीप यादव को मध्य प्रदेश के जनसंपर्क विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिला का कलेक्टर, अपर कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त भी बदल दिए गए हैं। आईएएस कुमार पुरुषोत्तम की जगह नीरज कुमार सिंह उज्जैन का नया कलेक्टर बनाया गया है। आयुक्त नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को बैतूल का कलेक्टर बनाया गया है जबकी बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को गुना का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। सोनिया मीना को कलेक्टर नर्मदापुरम की जिम्मेदारी दी गई है।
उज्जैन नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह, जबलपुर नगर निगम आयुक्त स्वप्निल जी वानखेड़े और उज्जैन के अपर कलेक्टर प्रीति यादव का भी तबादला किया गया है। उमाकांत उमराव को राजस्व मंडल का सदस्य बनाए जाने से रिक्त हुए प्रमुख सचिव सहकारिता विभाग का प्रभार दीपाली रस्तोगी को दिया गया है।