JAGDALPUR. विधानसभा चुनाव के दौरान जगदलपुर में अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम करने के आरोप में कांग्रेस पार्टी ने कार्यवाही तेज कर दी है। पूर्व महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष कमल झज्ज सहित कुल 3 लोगों को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के प्रत्याशी जतिन जयसवाल और स्थानीय संगठन के पदाधिकारी ने भी आला कमान से भीतरघातियों की शिकायत की थी। आला कमान के निर्देश पर जगदलपुर में शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने निष्कासन की कार्यवाही की है।
गौरतलब है कि पूर्व महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष कमल झज्ज ने कुछ समय पूर्व अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था लेकिन पार्टी की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई थी, चुनाव के दौरान भी उन्हें मान मनौब्बल का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर अन्य पार्टी का प्रचार किया और इसी को आधार बनाकर कांग्रेस ने निष्कासन की कार्यवाही की है। इसके अलावा जगदलपुर में विक्रम शर्मा और कुक्की झारी पर भी निष्कासन की कार्यवाही की गई है।
बता दें कि इसके पहले भी धमतरी जिले के कुरुद विधानसभा में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते कांग्रेस पाटी ने 4 नेताओं को कारण बताओ नोटिस भेजा है और 24 घंटे में सभी से जवाब मांगा गया है। इस कार्रवाई से कांग्रेसियों में हडकंप मच गया है। बता दें कि यह नोटिस कांग्रेस प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैन्दु ने भेजा है।
इसके साथ ही बीते दिनों इसी तरह बालोद में कार्रवाई हुई है। PCC प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू ने बालोद कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष को निष्काषित कर दिया है। बालोद कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हलधर साहू पर पार्टी विरोधी कार्य करने का आरोप लगा था। इसी के चलते PCC प्रभारी मलकीत सिंह गेंदू ने हलधर साहू को पार्टी से निष्काषित कर दिया है।