JAGDALPUR. कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह बुधवार को जगदलपुर के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। राजीव भवन में आयोजित पत्रवार्ता में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान अखिलेश प्रताप सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार और स्थानीय भाजपा संगठन पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में मुद्दा विहीन हो चुकी है। कांग्रेस की राज्य सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं और किए गए कामों का फायदा छत्तीसगढ़ के लोगों को मिल रहा है। यही कारण है कि प्रदेश में नक्सलवाद में भी कमी आई है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस की प्रदेश सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार के पास सभी केंद्रीय एजेंसियां हैं और उनका उपयोग करके भी बीजेपी ने आज तक एक भी भ्रष्टाचार साबित नहीं कर पाई है। इस दौरान उन्होंने भाजपा की डबल इंजन की सरकार की तुलना ट्रबल इंजन से की।
वहीं धर्मांतरण के मुद्दे पर भी अखिलेश प्रताप सिंह ने भाजपा को घेरा और चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसी भी प्रकार का धर्मांतरण नहीं हुआ है। धर्मांतरण हुआ है तो भाजपा साबित करें और सूची जारी करें। धर्मांतरण के मुद्दे पर अखिलेश प्रताप सिंह ने भाजपा पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया।
बता दें कि कांग्रेस के तमाम नेता इस समय बस्तर में चुनाव प्रचार प्रसार के लिए पहुंच रहे हैं। बस्तर में पहले चरण की वोटिंग 7 नवंबर को होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल बस्तर में अपने प्रचार प्रसार को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज अखिलेश प्रताप सिंह पहुंचे हुए हैं।