RAIPUR. आज अपने जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रमिकों के लिए बड़ी घोषणा की है। आज उन्होंने रायपुर के डॉक्टर अंबेडकर चौक से शहीद भगत सिंह चौक तक पैदल चलकर लोगों से जन्मदिन की शुभकामनाएं स्वीकार की और यह घोषणा की।
सीएम ने निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना की राशि को 50 हजार रूपये से बढ़ाकर 01 लाख रूपये करने की घोषणा की है। इसके अलावा राज्य के श्रम पदाधिकारी कार्यालय जैसे बस्तर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार एवं राजनांदगांव के सहायक श्रमायुक्त कार्यालय को अपग्रेड करने की घोषणा की है।
इस दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में सभी वर्ग के लोगों के लिए कार्य किए जा रहे हैं जिसमें किसान, मजदूर से लेकर अनुसूचित वर्ग सहित सभी वर्ग के लोग शामिल है। इसी के तहत आज श्रमिकों के हित में दो बड़ी घोषणाएं की गई हैं। सीएम बघेल ने इस अवसर पर श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 02 हजार 507 हितग्राहियों को एक करोड़ 81 लाख रूपए की राशि वितरित की है।
इन योजनाओं के लिए राशि की गई प्रदान
– मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में एक हितग्राही को 5 लाख रूपए
– मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना में 6 हितग्रहियों को 3 लाख रूपए
– मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 500 हितग्राहियों को 20 हजार रूपए प्रति हितग्राही के मान से एक करोड़ रूपए
– मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना अंतर्गत एक हजार 860 महिला हितग्राही को 68 लाख 19 हजार रूपए तथा 140 पुरूष हितग्राहियों को 5 लाख 18 हजार रूपए
इस दौरान नगरीय प्रशासन तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल सुशील सन्नी अग्रवाल सहित श्रम मंडल के पदाधिकारी व सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।