PARIS. अंतरिक्ष के रहस्यों को समझने के लिए वैज्ञानिक कई तरह के प्रयास कर रहे हैं। आम लोगों में भी बाहरी दुनिया के बारे में जानकारी को लेकर उत्सुकता रहती है। इस बीच एक ऐसी घटना फ्रांस के शहर शिर्मेक में हुई, जिसे जानकार हर कोई हैरान रह गया।
दरअसल, महिला अपनी छत पर एक दोस्त के साथ बातचीत कर रही थी। इसी दौरान उसके ऊपर आसमान से गिरी एक चीज टकरा गई। आगे की जांच करने पर पता चला कि यह काले और भूरे रंग का कण उल्कापिंड जैसा लग रहा है। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि इसकी वजह से महिला की पसलियों में चोट लग गई।
न्यूजवीक की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना बीते 6 जुलाई की है। महिला ने बताया कि वो अपनी एक दोस्त के साथ छत पर थी, तभी वहां एक जोरदार धमाका हुआ। वो उठकर देखती और मामले को समझती, इससे पहले ही महिला के ऊपर कोई चीज गिरी। ऐसा लगा जैसे उस चीज ने उसकी हड्डी को ही तोड़ दिया।
हालांकि, तब तक उसे पता नहीं था कि वो चीज है क्या? मगर, फिर नजर पड़ी उस चीज पर, जो किसी पत्थर की तरह लग रही थी और काले रंग की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला ने उस पत्थर को संभालकर रख लिया था। बाद में उसे जांच के लिए भेजने पर पता चला कि वह टुकड़ा किसी उल्कापिंड का हिस्सा था।
वह पत्थर का टुकड़ा काले रंग का और बेहद चमकदार था। भूविज्ञानी थिएरी रेबमैन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सिलिकॉन और लोहे की मौजूदगी वाला यह टुकड़ा उल्कापिंड का ही हिस्सा है। बताते चलें कि कभी-कभार उल्कापिंड धरती पर गिरते रहते हैं, लेकिन किसी व्यक्ति के ऊपर इसके गिरने की घटना दुर्लभतम ही होती है।