KAWARDHA. जिले में फूड पाइजनिंग का मामला सामने आया है। दरअसल, पंडरिया क्षेत्र के गांव में भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें श्रद्धालुओं ने भोजन ग्रहण किया। इसके बाद 30 से ज्यादा लोगों को उल्टी होने के साथ ही अन्य समस्याएं शुरू हो गईं। आनन—फानन में डायल 112 को फोन किया गया। इस गाड़ी के अलावा अन्य साधनों के जरिए पंडरिया के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार किया जा रहा है।

आपको बता दें कि कर्वधा जिले के पंडरिया ब्लॉक के तोरला नवागांव में ये मामला सामने आया है। यहां एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें भंडारे की भी व्यवस्था की गई थी। वहां पहुंचे श्रद्धालुओं को खीर, पूड़ी और दाल—भात प्रसाद के रूप में वितरित किया जा रहा था। इसे खाने के कुछ देर बाद ही लोगों को उल्टियां होने लगी। साथ ही और कई तरह की समस्याएं भी हो रही थीं।
ऐसे 30 से अधिक लोग थे, जिनमें से तीन बच्चे, एक युवती व दो महिला समेत 24 पुरुष थे। लोगों को समझ में आ गया कि मामला फूड पाइजनिंग का है। ऐसे में स्थिति और खराब न हो इसके लिए तत्काल पुलिस के डायल 112 में संपर्क किया गया। कुछ ही देर में पुलिस के जवान पहुंच गए। वहीं गांव में भी वाहनों की व्यवस्था की गई और सभी को आनन— फानन में पंडरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। अब सभी की हालत सामान्य है। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि सभी समय रहते पहुंच गए तो ठीक है। देर होती तो स्थिति और खराब हो सकती थी। इसके साथ ही अब स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को भी डॉक्टरों ने जानकारी दे दी है।
गांव में जाएगी टीम
स्वास्थ्य विभाग को जानकारी मिलने के साथ ही अफसरों ने वहां टीम भेजने का निर्णय लिया है। वहां भोजन की जांच करने के साथ ही प्रसाद ग्रहण करने वाले अन्य लोगों की भी जानकारी ली जाएगी। साथ ही दवाओं का वितरण किया जाएगा। लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।


































