SURAJPUR. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से कॉलेज में एडमिशन के नाम पर धांधली करने का नया मामला सामने आया है। यहां पंडित रविशंकर त्रिपाठी शासकीय महाविद्यालय भैयाथान में विद्यार्थियों को सीट बढ़ने की जानकारी देकर पहले तो रेगुलर एडमिशन करवाया गया। इसके बाद परीक्षा फॉर्म भरते वक़्त बच्चों को पता चला की उनका एडमिशन रेगुलर की जगह प्राइवेट केटेगरी में हुआ है। इसकी शिकायत कॉलेज प्रबंधन से करने पर भी कोई संज्ञान जब नहीं लिया गया तो 27 जनवरी को छात्र-छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ मिलकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।

दरअसल मामला सूरजपुर जिले के भैयाथान शासकीय कॉलेज का है, यहां लगभग 41 विद्यार्थियों ने रेगुलर केटेगरी में अपना एडमिशन करवाया था। उन्हें बकायदा कॉलेज प्रशासन की ओर से रेगुलर केटेगरी की आईडी कार्ड भी दी गई थी। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा फॉर्म भरने के समय उन्हें पता चला की उनका एडमिशन प्राइवेट केटेगरी में हुआ है। जब इसकी शिकायत मौखिक रूप से उन्होंने कॉलेज प्रशासन से की तो उन्हें आश्वासन दिया गया की उनका परीक्षा रेगुलर केटेगरी से ही लिया जाएगा।
लेकिन इस पर जब कोई कार्रवाई होते हुए दिखाई नहीं दिया तो छात्रों को अपने भविष्य की चिंता सताने लगी और वे सभी अपनी समस्या अ.भा.वि.प के पास लेकर गए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के ज्ञापन सौपने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं निकला तो समस्त छात्र-छात्राओं ने विद्यार्थी परिषद् के साथ मिलकर कॉलेज का घेराव कर लिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।

एडमिशन के समय हमसे वसूले गए अधिक रकम
आंदोलन करने वाले छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया है कि उनसे एडमिशन के समय अधिक फीस ली गई। किसी विद्यार्थी से 500 रूपए अधिक तो किसी से 1000 रूपए तक अधिक वसूले गए। अब उन्हें परीक्षा से ठीक पहले इस बात का पता चला कि उनका एडमिशन प्राइवेट केटेगरी में हुआ है। इससे अपनी भविष्य की चिंता को लेकर सभी विद्यार्थी काफी परेशान है। साथ ही विद्यार्थियों ने कहा कि उनका जल्द से जल्द रेगुलर केटेगरी पर परीक्षा फॉर्म कॉलेज प्रशासन भरवाने में मदद करें।
कॉलेज प्रशासन बच्चों के भविष्य से बंद करे खेलना
अ.भा.वि.प सूरजपुर के जिला संयोजक अंकुर पटेल ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन की ओर से ऐसी ठगी की उम्मीद नहीं की जा सकती है। उन्हें बच्चों के भविष्य से खेलना बंद करना होगा। यदि 07 दिनों के अंदर सभी बच्चों की फीस वापसी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जाती है तो विद्यार्थी परिषद् उग्र आंदोलन हेतु बाध्य होगा।
कॉलेज प्रशासन के वजह से 41 विद्यार्थियों का साल बरबाद
भैयाथान इकाई के नगरमंत्री नितिन कुशवाहा ने कहा कि कॉलेज प्रशासन के इस गलती की वजह से 41 विद्यार्थियों का साल बरबाद हो गया। इस गलती को सुधारने के लिए कॉलेज की ओर से अब तक कोई भी सार्थक कदम नहीं उठाया गया है, ये काफी ज्यादा शर्मनाक है।





































