BHILAI. दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत करीब आधे दर्जन वार्ड में गंदा पानी सप्लाई होगी। साथ ही निर्धारित समय पर पेय जल की आपूर्ति भी नहीं हो पाएगी। शहर की बड़ी आबादी इससे प्रभावित रहेगी।

शहर के पद्मनाभपुर सहित छह वार्ड में अमृत मिशन का कार्य जारी है। निगम के अधिकारियों ने कहा कि दो से तीन दिन गंदा पानी सप्लाई होने की संभावना है। साथ ही जलापूर्ति निर्धारित समय पर भी नहीं हो पाएगा।

गौरतलब है कि नगर निगम क्षेत्र में अमृत मिशन योजना के तहत पद्मनाभपुर जोन के वार्ड 45 में नवनिर्मित पानी टंकी में अमृत मिशन के कनेक्शन को जोड़ा जा रहा है। जनता मार्केट के निकट रोड क्रॉसिंग पर पाइप लाइन का काम चल रहा है। फिलहाल मिनी स्टेडियम चौक में भी कार्य जारी है। दो से तीन दिन के अंदर कार्य होने की बात कही जा रही है।

दुर्ग नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस कार्य के कारण छह वार्ड में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। प्रभावित वार्डों में केलाबाड़ी, कसारीडीह, सुभाष नगर, सिविल लाइन, पद्मनाभपुर, आदर्श नगर आदि क्षेत्र में गंदा पानी सप्लाई होगा। इसमें वार्ड 41, 42, 43, 44, 45 और 46 के लोगों से कहा जा रहा है कि करीब तीन दिन तक अमृत मिशन योजना के कार्य के कारण गंदा पानी आ सकता है।






































